भोपाल। राजस्थान के बसपा विधायक एवं मध्यप्रदेश के पूर्व गृहराज्य मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के दामाद बनवारी लाल कुशवाह की तीन राज्यों की पुलिस को तलाश है।
विधायक की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की पुलिस दबिश तक दे चुकी है। धोखाधड़ी के मामले में धौलपुर शहर के विधायक बनवारी लाल कुशवाह के खिलाफ मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में मामले दर्ज हैं। इन दोनों प्रदेशों की पुलिस विधायक के पीछे पड़ी हुई है। वहीं अब धौलपुर पुलिस की टीम भी गिरफ्तारी के लिए विधायक को खोज रही है।
धौलपुर के विधायक बनवारी लाल कुशवाह के छोटे भाई बालकिशन कुशवाह मध्यप्रदेश के पूर्व गृह राज्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान विधायक नारायण सिंह कुशवाह के दामाद हैं।
विधायक और उसके भाईयों पर चिटफंड और रियल एस्टेट कंपनी के जरिए करोड़ रुपए हड़प कर फरार होने का आरोप है।
कुशवाह की गिरफ्तारी के लिए दो साल पहले छत्तीसगढ़ पुलिस ने धौलपुर के कोलारी थाने में तहरीर भी दी थी, लेकिन पुलिस ने यह कहते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस को लौटा दिया कि क्षेत्र में बीएल कुशवाह नाम का कोई व्यक्ति नहीं रहता। दरअसल बनवारी कुशवाह मूल निवासी कोलारी थाना क्षेत्र के हैं। दो साल पहले कोलारी में ही मकान था। करीब एक साल पहले बनवारी कुशवाह ने मनिया में मकान बना रहना शुरू किया।