भोपाल। अपने दिग्गी कब किसके कायल हो जाएं और कब किसे घायल कर डालें कहा नहीं जा सकता, लेकिन यह तय है कि जब तक उनकी सांसें चलती रहेंगी, बातों के तीर भी यूं ही चलते रहेंगे। इन दिनों वो केजरीवाल पर कायल हुए हैं। उनकी विनम्रता की तारीफ कर रहे है।
सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘मोदी को केजरीवाल और ममता से मितव्ययता तथा नम्रता सीखनी चाहिए जो वैगन आर तथा मारूति अल्टो का इस्तेमाल करते हैं। क्या नमो को नैनो का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए?’’
जनलोकपाल आंदोलन के समय से केजरीवाल पर हमला बोलते आए सिंह दिल्ली विधानसभा में आप के शानदार प्रदर्शन के बाद से उनकी तारीफ कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव और पार्टी के दिल्ली प्रभारी शकील अहमद ने इस दलील को खारिज कर दिया कि कांग्रेस ने नरेंद्र मोदी को रोकने के लिए आप का समर्थन किया है।
बाकी सब का जो भी हो लेकिन जहां तक दिग्गी की बातें हैं तो उनके कई अर्थ होते हैं। आपको याद होगा एक जमाने में दिग्विजय सिंह अन्ना हजारे और रामदेव की भी तारीफ किया करते थे, बाद में उनकी जुबां से निकले तीरों ने दोनों को इस कदर घायल किया कि दिग्विजय सिंह का नाम सुनते ही दोनों नियंत्रण खो बैठते हैं।