भोपाल। राज्य शासन के उन सभी निगम-मण्डलों तथा प्राधिकरणों को भंग करने के आदेश दिये गये हैं, जिनमें अशासकीय पदाधिकारियों की नियुक्ति की गयी थी।
शनिवार को मंत्रिमण्डल गठन के बाद कैबिनेट बैठक के बाद राज्य शासन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस निर्णय के मुताबिक प्रदेश के उन सभी निगम-मण्डलों एवं प्राधिकरणों के बोर्ड को भंग कर दिया गया, जिनमें अशासकीय पदाधिकारी कार्यरत हैं।
गौरतलब है कि प्रदेश के कई निगम-मण्डलों तथा प्राधिकरणों में अशासकीय सदस्य की हैसियत से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के रूप में वर्तमान में विधायक चुने गये नेतागण कार्यरत हैं। भोपाल से ही विधायक चुने गये सुरेन्द्र नाथ सिंह भोपाल विकास प्राधिकरण, रामेश्वर शर्मा अध्यक्ष खनिज निगम, रामपाल सिंह अध्यक्ष मप्र हाऊसिंग बोर्ड, विजेन्द्र सिंह सिसोदिया अध्यक्ष उर्जा विकास निगम, मोहन यादव अध्यक्ष मप्र पर्यटन विकास निगम तथा अन्य विधायक चुने गये नेता विभिन्न पदों पर कार्यरत थे। इसी के साथ भाजपा के कई नेता निगम-मण्डलों एवं प्राधिकरणों में काम कर रहे थे। अब एक बार फिर निगम-मण्डलों एवं प्राधिकरणों में नये सिरे से नियुक्तियां होंगी।