भोपाल। राजधानी में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर रोक के लिए शुरू की गई निर्भया पेट्रोलिंग से अब छात्राओं को भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए पुलिस द्वारा गल्र्स एवं को-एड स्कूल तथा कॉलेजों में प्रत्येक क्लास से एक छात्रा को ट्रेनिंग दी जाएगी कि वह किस तरह अपने आसपास घटित होने वाले अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी निर्भया पेट्रोलिंग को दे सकती है।
पुलिस सभी स्कूल तथा कॉलेजों में यह सुनिश्चित करने का प्रयास भी कर रही है कि वहां के छात्र-छात्राओं के लिए आई कार्ड रखना अनिवार्य कर दिया जाए, ताकि गलत आचरण करते पाए गए किसी विद्यार्थी की जानकारी उसके अभिभावक सहित शिक्षण संस्थान को भी दी जा सके।
छात्राओं के इस समूह को ‘निर्भया टीम’ का नाम दिया जाएगा। इसकी शुरुआत सरोजिनी नायडू गल्र्स पीजी (नूतन कॉलेज) एमएलबी कॉलेज, सरोजिनी नायडू गल्र्स स्कूल तथा सुभाष एक्सिलेंस स्कूल से की जा रही है। इन संस्थानों के प्रबंधन ने पुलिस को सहमति दे दी है। डीआईजी डी श्रीनिवास वर्मा ने बताया कि उच्च शिक्षा तथा स्कूल शिक्षा विभाग सहित शिक्षण संस्थानों से भी इस बारे में बात की जा रही है। एमएलबी कॉलेज की प्राचार्य मंजुला शर्मा का कहना है कि भोपाल पुलिस ने अच्छी शुरुआत की है। इससे छात्राओं में जागरूकता बढ़ेगी।
निर्भया पेट्रोलिंग की प्रभारी नमिता साहू का कहना है कि उन्होंने कई स्कूल और कॉलेज में प्रबंधन से चर्चा की है कि वे विद्यार्थियों के लिए आई कार्ड की अनिवार्यता करें। उनका कहना है कि एकांत में मिलने वाले विद्यार्थी युगलों में से अधिकांश नाबालिग होते हैं। कई बार उनकी गतिविधियां अशोभनीय पाई जाती हैं। ऐसे में आई कार्ड के आधार पर अभिभावकों से भी बात कर सकते हैं।
आई कार्ड होने से कम से कम विद्यार्थी के अभिभावक और स्कूल या कॉलेज प्रबंधन से बातचीत की जा सकती है। सुश्री साहू का कहना है कि निर्भया पेट्रोलिंग का उद्देश्य किसी वयस्क युगल को परेशान करने का नहीं है, लेकिन नाबालिगों को अपराध से बचाना जरूर है।
निर्भया पेट्रोलिंग को वन विहार प्रबंधन ने दी अनुमति
वन विहार नेशनल पार्क के सहायक संचालक डॉक्टर सुदेश बाघमारे ने बताया कि निर्भया पेट्रोलिंग ने उनसे पार्क में पेट्रोलिंग करने की अनुमति मांगी थी, जो दे दी गई है। बाघमारे ने बताया कि वन विहार में कई युगल आकर अशोभनीय आचरण करते हैं। हालांकि वहां सुरक्षा गार्ड लगे हुए है। गलत आचरण करने वाले युगलों के खिलाफ वन विहार प्रबंधन जुर्माना लगाता है। फिर भी निर्भया की पेट्रोलिंग से स्थिति में और सुधार हो सकेगा।
इस नंबर पर करें फोन
महिला अपराध और छेड़छाड़ की किसी भी घटना की शिकायत मोबाइल फोन नंबर 94251-55777 या 94799-90594 पर की जा सकती है। इसके अलावा महिला थाना के लैंडलाइन नंबर 0755-2677393, 2443860 या पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल के लैंडलाइन नंबर 0755-2555922, 2555933 पर भी सूचना दी जा सकती है।