मुरैना। जब पूरा देश दिल्ली गैंगरेप की शिकार निर्भया की पहली बरसी पर उसे श्रद्धांजलि दे रहा था, वहीं मध्यप्रदेश के मुरैना में एक लड़की की छेड़छाड़ का विरोध करने पर हत्या कर दी गई।
लड़की का गुनाह सिर्फ इतना था कि उसने अपने साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध करते हुए कानून की मदद ली। इस हत्याकांड में लड़की के पिता और भाई भी घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना मुरैना के जौरा गांव की है। यहां सपना नाम की लड़की ने 10 दिन पहले अपने पिता के साथ जौरा थाने में मनोज और ऋषिकेश के अलावा दो अन्य के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दो दिन पहले जब आरोपी जमानत पर जेल से छूट कर बाहर आए तो उन्होंने इस वारदात को अंजाम दे दिया।
सोमवार रात जब सपना अपने पिता के साथ घर जा रही थी तो रास्ते में आरोपियों ने उन्हे रोककर ताबड़तोड़ फायर करना शुरू कर दिया। इस तरह अचानक हुए हमले में सपना को दो गोलियां लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई वहीं उसके पिता और भाई बुरी तरह से घायल हो गए। घटना के बाद से ही चारों आरोपी फरार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।