भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की हाईस्कूल व हायर सेकंडरी परीक्षाओं में गुप्त आब्जर्वर पूरी प्रक्रिया पर निगाह रखेंगे। ये गुप्त आब्जर्वर रिटायर्ड प्रशासनिक अधिकारी, रिटायर्ड स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी बनाए जाएंगे।
इस संबंध में मंडल में बुधवार को आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया। करीब तीन महीने के बाद बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी, ऐसे में मंडल द्वारा तैयारियों का सिलसिला शुरू कर दिया गया है। हालांकि इस बार तैयारियों का यह क्रम धीमा है, इसकी एक वजह नवंबर में चुनाव का होना बताया जा रहा है।
मंडल के अधिकारियों का कहना है कि आचार संहिता हटने के बाद मंडल बोर्ड परीक्षाओं की कार्ययोजना तेज कर देगा और दिशा निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। मंडल की 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं में इस बार 18.50 लाख परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।
इस लिहाज से प्रक्रिया में तेजी लाए जाने की जरूरत है। परीक्षार्थियों की यह संख्या पिछले वर्ष से एक लाख ज्यादा है। पिछले वर्ष इन परीक्षाओं 17 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल हुए थे। मंडल द्वारा फिलहाल केंद्र व केंद्राध्यक्षों तय किए जाने की प्रक्रिया भी की जा रही है, जिनके नाम 30 नवंबर तक जिलों से मंगाए गए हैं।
निगरानी के लिए बनेगी टीम
परीक्षाओं पर निगरानी के लिए गुप्त आब्जर्वर की टीम नियुक्त की जा रही है। इसके लिए सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों की डयूटी लगाई जाएगी, जिसमें द्वितीय रैंक के अधिकारी शामिल होंगे। ये अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी रखेंगे एवं गुप्त रूप से हर गतिविधि संचालित करेंगे। इसकी रिपोर्ट मंडल को दी जाएगी और इस आधार पर निरीक्षण दल केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
बनेंगे पांच हजार केंद्र
बताया गया है कि हाईस्कूल व हायर सेकंडरी परीक्षाओं के लिए लगभग पांच हजार परीक्षा केंद्र बनाए जाने हैं, जिनकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए जिलों के डीईओ से सूची मंगाई गई हैं। साथ ही परीक्षा केंद्राध्यक्ष व सहायक केंद्राध्यक्षों की सूची भी मांगी है। मंडल तक सूची भिजवाने के लिए 30 नवंबर तक का समय निर्धारित किया है।