भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने आरएसएस के सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी को भरोसा दिलाया कि 135 से 145 सीटें जीतेंगे।
दो दिन से भोपाल में डेरा जमाए सोनी बुधवार सुबह सीएम निवास गए और मुख्यमंत्री व तोमर से चर्चा की। इसके बाद वे सांसद अनिल माधव दवे के निवास पहुंचे। यहां सोनी ने सभी नेताओं के साथ भोजन किया। साथ ही चुनावी गणित किस करवट बैठेगा, उस पर चर्चा की। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, तोमर व विजेश लुनावत भी मौजूद रहे।
प्रभात झा ने बुधवार को मीडिया से चर्चा में कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह पर फिर निशाना साधा। झा ने कहा कि जहां चाय मिले, वहीं दिग्विजय सिंह अपनी राय बदल लेते हैं। मोदी को टाइम मैगजीन ने 'पर्सन ऑफ द ईयर' के लिए 42 नेताओं की सूची में शामिल किया है।
इसी पर दिग्विजय ने टिप्पणी की थी कि पॉलिटिक्स में ग्लोबल नहीं, लोकल चलता है। झा ने कहा कि यह बात दिग्विजय को सोनिया गांधी के लिए भी कहना चाहिए। वे भी टाइम मैगजीन में प्रभावशाली महिला के रूप में शामिल हो चुकी हैं।