भोपाल। नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और अरविंद मेनन के खिलाफ शासकीय आवास का चुनावी गतिविधियों के लिए उपयोग करने पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह की ओर से चुनाव आयोग को शिकायती पत्र सौंपा गया। इस पत्र में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को बताया गया कि 5 अक्टूबर 2013 को मुख्यमंत्री ने अपने शासकीय आवास 6 श्यामला हिल्स में एक बैठक रखी। इस बैठक में टिकिट वितरण सहित चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। यह समाचार इलेक्ट्रानिक मीडिया और समाचार पत्रों में प्रकाशित हुआ है। बैठक में भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर एवं अरविंद मेनन भी उपस्थित थे।
नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने शिकायत में कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद शासकीय आवास का चुनावी गतिविधियों में उपयोग करना आचार संहिता का घोर उल्लंघन है। श्री सिंह ने कहा कि इस मामले में तत्काल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाए। साथ ही भाजपाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर एवं अरविंद मेनन के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज हो।
नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि मंत्रियो के बंगले चुनावी गतिवधियों के केंद्र बने हुए हैं सरकारी गाडि़यों, शासकीय टेलीफोन, कम्प्यूटर, स्टेशनरी का उपयोग चुनाव कार्य के लिए कर रहे हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से विशेष जांच दल बनाकर आकस्मिक निरीक्षण मुख्यमंत्री व मंत्रियों के बंगले में करने को कहा ताकि चुनावी कार्यों के लिए सरकारी संसाधनों के उपयोग पर कड़ाई से रोक लगाई जा सकें।