धनत्रयोदशी पर शॉपिंग के शुभ मुहूर्त

भोपाल। धनत्रयोदशी और चंद्रमा के हस्त नक्षत्र में होने से शुभ-अमृत योग बन रहा है। यह योग खरीदी के लिए शुभ व लाभदायक है। पंडितों के अनुसार प्रदोष व्यापिनी धनतेरस का खास महत्व होता है। इस दिन तीन तिथियों प्रदोष, तेरस व शिव चतुर्दशी का संयोग भी है।

पं. धर्मेद्र शास्त्री के अनुसार इस दिन चांदी व पीतल के बर्तन, चांदी के सिक्के, गणोशजी व लक्ष्मी प्रतिमाओं की खरीदी शुभ व समृद्धिदायक होती है। धनतेरस पर प्रदोषकाल में लक्ष्मी, कुबेर पूजा, दीप दान व खरीदी श्रेष्ठ है। पं. शास्त्री ने बताया कि धनतेरस शुक्रवार को है।

शुक्रवार धन की देवी लक्ष्मी का प्राकट्य दिवस माना जाता है। इस दिन के अधिपति देवता शुक्र हैं जो धन, वैभव व समृद्धि प्रदान करते हैं। वहीं, रविवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष में दिवाली मनाई जाएगी। इस दिन पूजा करने का श्रेष्ठ मुहूर्त प्रदोष काल में है, जो सूर्यास्त से शुरू होकर करीब ढाई घंटे तक रहेगा। पं. प्रहलाद पंड्या ने बताया कि दिवाली पूजन में अमावस्या, तिथि, प्रदोष काल, स्वाति नक्षत्र, स्थिर लग्न व शुभ चौघड़िया का महत्व है।

इस दिन स्वाति नक्षत्र के साथ ही चंद्रमा तुला राशि में रहेगा। श्री पंड्या के मुताबिक अमावस्या तिथि शनिवार शाम 7.28 बजे शुरू होकर रविवार शाम 6.24 बजे तक रहेगी। दिवाली पर स्थिर लग्न में पूजा का श्रेष्ठ मुहूर्त रहेगा। इसके बाद रात 9.00 से 10.30 बजे तक शुभ चौघड़िया में पूजा की जा सकेगी। इस दिन अमावस्या होने से शाम 6.24 बजे तक लक्ष्मी प्रतिमा की स्थापना कर दीप प्रज्ज्वलित किया जा सकता है।

पूजा के खास मुहूर्त

प्रदोष काल : शाम 6.40 से रात 8.30 बजे तक।

चौघड़िया के अनुसार

शुभ काल
दोपहर 12 से 1.30 बजे तक।

चर काल
शाम 4.30 से 6.00 बजे तक।

लाभ काल
रात 9 से 11.30 बजे तक।

बाजारों में ग्राहकों के स्वागत में जगमग
:चौक बाजार में व्यापारियों ने रेड कारपेट बिछाकर ग्राहकों को लुभाने का इंतजाम किया है। यहां ग्राहकों के मनोरंजन के लिए संगीत और खाने के लिए नाश्ते का इंतजाम भी रहेगा।

:बाजारों में सजावटी सामानों के साथ आकर्षक विद्युत साज-सज्जा के आयटम दुकानों के बाहर कॉरिडोर में डिस्प्ले किए गए हैं।

:न्यू मार्केट में रोशनपुरा से टीटी नगर थाने तक और बिट्टन मार्केट में व्यापारियों द्वारा आकर्षक विद्युत सजावट की गई है। इसी तरह मनीषा मार्केट, बरखेड़ा, एमपी नगर की दुकानों को भी सजाया गया है।

:बैरागढ़ में धनतेरस और दिवाली की खरीदी के मद्देनजर बाजारों को विशेष रूप से सजाया गया है। कपड़ा और बर्तन की खरीदी के लिए भोपाल ही नहीं आसपास के लोग यहां पहुंचते हैं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !