भोपाल। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय में हुई नियुक्तियों की जांच की मांग उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी से की है। इस संबंध में उन्होंने उपराष्ट्रपति को पत्र लिखा है।
सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में पिछले दिनों जो नियुक्तियां हुई है वह पूरी तरह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से संबंधित है। उन्होंने कहा कि इनकी नियुक्तियों में निर्धारित अर्हताओं और मापदंडों को भी नजर अंदाज किया गया है। सिंह ने विश्वविद्यालय में जो नियुक्तियां हुई है उसकी सूची भी उपराष्ट्रपति को अपने पत्र के साथ भेजी है।
उन्होंने अनुरोध किया है कि इन नियुक्तियों की जांच के लिए किसी वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति करें। इधर, दिग्विजय सिंह ने सोयाबीन की फसलों के नुकसान का सर्वे शुरू करने की मांग मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से की है। चौहान को लिखे पत्र में सिंह ने कहा है कि बारिश के कारण सोयाबीन की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। मुआवजा देने के बारे में सरकार ने कोई पहल नहीं की है। उन्होंने कहा कि अभी तक नुकसान का सर्वे ही नहीं हुआ है।