सरताज विरोधी भी पहुंचे राजधानी, दिनभर चलता रहा हंगामों का दौर

भोपाल। विरोध का सामना कर रहे भाजपा सरकार के मंत्रियों में अब वनमंत्री का नाम भी जुड़ गया है। सिवनी मालवा (होशंगाबाद) के कार्यकर्ताओं ने बलराम सिंह पटेल के नेतृत्व में मंगलवार को प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन से मुलाकात कर आरोप लगाया कि वनमंत्री क्षेत्र में निरंतर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रहे हैं। लिहाजा क्षेत्र में प्रत्याशी बदला जाए।

पटेल ने मीडिया से कहा कि क्षेत्र में मंत्री जी का विरोध है। वे कार्यकर्ताओं की नहीं सुनते। यह स्थिति प्रदेश संगठन महामंत्री को बताई है। सरताज से पहले रामकृष्ण कुसमरिया, हरिशंकर खटीक, रामदयाल अहिरवार, बृजेंद्र प्रताप सिंह आदि मंत्रियों का भी विरोध हो चुका है। इस बीच, पार्टी दफ्तर में निरंतर पहुंच रहे दावेदारों और विरोधियों को देखते हुए डैमेज कंट्रोल का जिम्मा प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने खुद उठाया।

देर शाम बीजेपी कार्यालय पहुंचकर दावेदारों और विरोधियों से अलग-अलग बात की। इसमें बड़वानी, विदिशा, मंदसौर, उज्जैन, शुजालपुर और राजगढ़ के लोग शामिल रहे। साथ ही चुनाव अभियान समिति के प्रदेश प्रभारी अनिल माधव दवे और प्रदेश प्रवक्ता विजेंद्र सिंह सिसोदिया से भी कहा कि वे कार्यालय में मौजूद रहें। मंगलवार को पार्टी कार्यालय में एक दर्जन से अधिक दावेदार व विरोधी पहुंचे, जिन्होंने उपरोक्त वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।

खुद की लॉबिंग कर रहे विधायक
- खुद के टिकट की लॉबिंग कर रहे हुजूर (भोपाल) से विधायक जितेंद्र डागा, बैरसिया (भोपाल) के ब्रह्मानंद रत्नाकर और हाटपिपल्या (देवास) से विधायक दीपक जोशी पार्टी दफ्तर पहुंचे। डागा दवे से मिले। इसके अलावा महेश्वर से पूर्व विधायक भूपेंद्र आर्य और मप्र राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष नारायण प्रसाद कबीर पंथी ने मेनन से मुलाकात की।

- सुसनेर (शाजापुर) से नलखेड़ा मंडल महामंत्री मोहन नागर ने मौजूदा विधायक संतोष जोशी के समर्थन में पार्टी नेताओं से बात की। हुजूर (भोपाल) के सेंट्रल सिंधी पंचायत के लोगों ने प्रदेश भर में 6 सीटें मांगी। नरयावली (सागर) से विधायक प्रदीप लारिया के समर्थन में भी लोग पहुंचे।

खिलचीपुर (राजगढ़) से हजारीलाल दांगी ने टिकट मांगा। यहां अभी कांग्रेस विधायक हैं। चाचोड़ा (गुना) से ममता मीणा ने टिकट मांगा। मीडिया ममता ने कहा कि पिछले चुनाव में भाजश की वजह से बेहद कम वोटों से हारी थीं। इस बार जीत सकती हैं। कोतमा (अनूपपुर) से विधायक दिलीप जायसवाल ने खुद के टिकट की लॉबिंग की।

- अम्बाह (मुरैना) से विधायक कमलेश जाटव और विनोद पंथी के समर्थकों ने टिकट मांगा। ब्यौहारी (शहडोल) विधायक बलीसिंह मरावी, कुरवाई (विदिशा) से हरिसिंह सप्रे का विरोध हुआ। देवरी (सागर) से विधायक भानू राणा की भी खिलाफत हुई।


If you have any question, do a Google search

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!