भोपाल। नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने आज भारतीय जनता पार्टी सरकार के विरूद्ध मानसून सत्र में लाए जाने वाले अविश्वास प्रस्ताव की लिखित सूचना मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री राजकुमार पांडे को सौंपी।
इस अवसर पर कांग्रेस विधायक दल के उपनेता चैधरी राकेश सिंह, विधायक श्री यादवेन्द्र सिंह, श्री आरिफ अकील, श्री हुकुम सिंह कराड़ा, श्री बाला बच्चन, डा. प्रभुराम चौधरी, श्री भगवान सिंह राजपूत, श्री ब्रजेन्द्र सिंह राठौर उपस्थित थे।
कांग्रेस विधायक दल द्वारा भाजपा सरकार के विरूद्ध यह दूसरा अविश्वास प्रस्ताव है। इसके पूर्व नवम्बर 2011 में अविश्वास प्रस्ताव पेश किया गया था, जिस पर विधानसभा के इतिहास में पहली बार सबसे अधिक दिन और सबसे अधिक समय तक चर्चा हुई थी।
नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार हर मोर्चे पर विफल है। मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप है। अपने कारनामों और असफलताओं के कारण यह सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव के माध्यम से हम भाजपा सरकार को बेनकाब करेंगे। उसकी जन विरोधी नीतियों को उजागर करेंगे और मुख्यमंत्री उनके परिजन और मंत्रियों की भ्रष्टाचार में संलिप्तता को इस प्रदेश की जनता को सदन के माध्यम से बताएंगे।
उन्होंने कहा कि नवम्बर 2011 में लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के बिंदूओं पर हुई चर्चा पर और लगाए गए आरोपों का मुख्यमंत्री सहित पूरी सरकार जवाब नहीं दे पाई। आज तक वे अनुत्तरित हैं। उन्होंने कहा कि इस अविश्वास प्रस्ताव के जरिए हम भाजपा सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर करेंगे और उसे जन अदालत तक ले जाएंगे।