भोपाल। वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर एक पखवाड़े से हड़ताल कर रहे लिपिकों ने राज्य सरकार से आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। प्रदेशभर के लिपिकों ने शुक्रवार को टीटी नगर दशहरा मैदान में प्रदर्शन कर रैली निकाली।
इस दौरान मप्र लिपिकवर्गीय कर्मचारी संघ ने घोषणा की कि 22 जुलाई से उज्जैन से शुरू हो रही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन दर्शन यात्रा का विरोध किया जाएगा।
संघ के प्रांताध्यक्ष एमएल मिश्रा ने बताया कि दशहरा मैदान में हुई कर्मचारी संगठनों की बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक मांगें पूरी नहीं हो जातीं, हड़ताल जारी रहेगी। साथ ही जगह-जगह मुख्यमंत्री की जनदर्शन यात्रा का विरोध करने का निर्णय लिया गया।
गौरतलब है कि संघ के बैनर तले चार जुलाई से लिपिकों की बेमुद्दत हड़ताल जारी है। शुक्रवार को टीटी नगर दशहरा मैदान में पहले सभा हुई। इसके बाद रैली निकाली गई। इसमें सभी विभागों के क्लर्क शामिल रहे। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। रैली आसपास के विभिन्न मार्गो से होती हुई वापस दशहरा मैदान पहुंची। यहां हुई सभा को कर्मचारी नेता वीरेंद्र खोंगल, एलएन कैलाशिया, अरुण द्विवेदी, एमपी द्विवेदी, अजय श्रीवास्तव, निर्मल तिवारी, जीडी सोनी, मनोज वाजपेयी, शिखा बख्शी आदि ने संबोधित किया।
