सिवनी। गुरुवार को मप्र के सिवनी में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ का काले गुब्बारे, काले झंडे दिखाकर भाजपा से संबंद्ध मजदूर संघ व समाजवादी पार्टी के साथ आम नागरिकों ने पुरजोर विरोध किया।
कमलनाथ के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह परिवर्तन यात्रा व कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत करने 12:30 बजे यहां आए थे।
विरोध कर रहे लोगों ने कमलनाथ "वापस-जाओ" के नारे लगाए। विरोध के दौरान कांग्रेस समर्थकों और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी। पुलिस की चौकस व्यवस्था के चलते अप्रिय घटना नहीं हो सकी।
बाहुबली चौक में भाजपा मजदूर महासंघ ने काले गुब्बारे दिखाकर कमलनाथ का कुछ देर रास्ता रोका। कचहरी चौक में कमलनाथ का विरोध कर रहे सपा कार्यकर्ताओं और कांग्रेस के समर्थकों के बीच विवाद हुआ। यहां पर कांग्रेस समर्थकों ने सपा कार्यकर्ताओं से माइक छीनते नजर आए। पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।