सारंगपुर। प्रदेश के उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंगलवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह की तारीफों के पुल बांध दिए। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह काफी अच्छे राजनेता हैं, उनका दिमाग चाणक्य से कम नहीं हैं।
मैं उनका सम्मान करता हूं। वे इस समय केन्द्र में सबसे मजबूत व्यक्ति हैं। उनके इशारों पर कांग्रेस चल रही है। पचोर में एक निजी कॉलेज के लोकार्पण समारोह में हिस्सा लेने जाते समय उद्योग मंत्री ने यहां पत्रकारों से चर्चा की।
भाजपा की हैट ट्रिक पर विजयवर्गीय ने कहा कि जो भी सर्वे हो रहा है, वह गलत है। हां, इतना जरूर है कि कुछ विधायकों की कुर्सी खतरे में है। उनको बदलकर जिताऊ उम्मीदवारों का चयन संगठन करेगा। रही बात सरकार की तो प्रदेश में फिर से भाजपा की ही सरकार बनेगी।