इंदौर। एक बिल्डर ने अपने घर की पहली मंजिल में बने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना से परिवार के लोग बदहवास हैं। पत्नी सोकर उठी तो घटना का पता चला।
अन्नपूर्णा पुलिस को सूचना मिली थी कि सुदामानगर में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी प्रजापति ने मृतक का नाम मनीष पिता देवेंद्र व्यास (43) निवासी सुदामानगर बताया। उक्त मकान की पहली मंजिल में दो कमरे बने हैं। एक कमरे में मनीष ने फंदे गले में डाला और लटक गया।
मनीष का कंस्ट्रक्शन का कारोबार था। परिवार के लोगों ने बताया कि मनीष शराब पीने का आदी था। उसका लड़का पराग इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है, जबकि पुत्री दीक्षा 7वीं की छात्रा है। परिजन का कहना है कि रात में खाना खाने के बाद सब सो गए थे। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।