इंदौर/धार। भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी केंद्र सरकार का बचाव करते हुए केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश ने कहा कि भ्रष्टाचार की गंगोत्री तो भोपाल है। गंभीर आरोप मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर लगे हैं। लेकिन उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया।
कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा में भाग लेने के लिए धार-बड़वानी जाने से पहले रमेश ने कहा, ‘सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार मध्यप्रदेश में है। जिनके घर शीशे के होते हैं, वे दूसरों के घर पर पत्थर नहीं फेंका करते। मुख्य संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप हैं लेकिन क्या सिर्फ आरोपों पर वे इस्तीफा देंगे।’
नवनियुक्त कानून मंत्री कपिल सिब्बल पर लगे आरोपों पर उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के पास यही काम बचा है। रमेश ने धार में बदनावर के पास बोरदा में कहा कि झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे गैर कांग्रेसी राज्यों में ही नक्सली मजबूत हैं।
जब भी इन राज्यों में कांग्रेस कमजोर हुई है नक्सली मजबूत हुए हैं। मध्यप्रदेश में कांग्रेस और उसका संगठन मजबूत है इसलिए नक्सली अपनी पैठ नहीं बना पाए।