जबलपुर। मध्यप्रदेश में राहुल गांधी हों या सोनिया गांधी, ये परिवार तो शिवराज सिंह चौहान के घुटने के बराबर भी नहीं है। सीएम ने प्रदेश का विकास किया है। उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने यहां पत्रकारों से चर्चा में उक्त विचार व्यक्त किए।
राहुल गांधी की पिछले दिनों भोपाल यात्रा से कांग्रेस में आई स्फूर्ति के बारे में किए गए प्रश्न का जवाब में श्री विजयवर्गीय ने कटाक्ष करते हुए कहा कि वे जब बिहार, उप्र व गुजरात गए थे तब भी वहां के कांग्रेसियों में स्फूर्ति आई थी। कुछ इसी तरह की स्फूर्ति मप्र के कांग्रेसियों में आई है। राहुल गांधी पूरी तरह फ्लाप हो चुके हैं। प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत से जीतेगी।
सुगनीदेवी पर चुप्पी
सुगनीदेवी जमीन घोटाले में उनके करीबी के फंसने व उनका नाम नहीं शामिल होने के बारे में किए गए प्रश्न पर विजयवर्गीय ने कुछ भी कमेंट करने से इंकार कर दिया।
सरकार नहीं रोक सकती बलात्कार के मामले
प्रदेश में कम उम्र की बच्चियों के साथ दुष्कृत्य मामलों पर पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि समाज में गिरावट इसके लिए जिम्मेवार है। सरकार अकेले कुछ नहीं कर सकती। इसके लिए सामाजिक संस्थाओं को भी आगे आकर काम करना चाहिए।