शिवराज सिंह को मुंह चिढ़ाते प्रभात झा के होर्डिंग्स से पट गई राजधानी

भोपाल (उपदेश अवस्थी)। सुरेश सोनी के माध्यम से राजनीति की मुख्यधारा में वाइल्ड कार्ड एंट्री लेकर आए प्रभात झा का जलवा सोमवार की सुबह पूरा भोपाल देखेगा। राजधानी का कौन कौना प्रभात झा के स्वागत विज्ञापनों के होर्डिंग्स से पटा पड़ा है। हर होर्डिंग्स कुछ ऐसे जैसे सीएम शिवराज सिंह को मुंह चिढ़ा रहा हो।

याद दिलाने की जरूरत नहीं कि किस शातिराना अंदाज में सीएम शिवराज सिंह ने प्रभात झा की प्रदेश अध्यक्ष वाली कुर्सी छीन ली थी, हालांकि यह कर्तव्य शिवराज सिंह ने अंजाम दिया, जिसकी डिमांड आधा मध्यप्रदेश कर रहा था परंतु इस घटना के बाद से ही शिवराज सिंह एवं प्रभात झा में तलवारें खिंच गईं थीं।

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में शिवराज सिंह चौहान ने प्रभात झा को रोकने की काफी कोशिश की परंतु उनकी तमाम कोशिशें ना केवल नाकाम हुईं बल्कि प्रभात को संध्या में बदलने की कोशिश से नाराज सुरेश सोनी ने शिवराज सिंह की संसदीय बोर्ड में आने की कोशिश नाकाम कर दी। स्पष्ट कर दिया गया कि भाजपा में एक ही मोदी रहेगा। दूसरा मोदी पनपने नहीं देंगे।

अब भाजपा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार भोपाल आ रहे प्रभात झा के स्वागत में पूरी की पूरी राजधानी को सजाया जा रहा है। हर कौने में होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं। अवसर है भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में चयनित मध्यप्रदेश मूल के नेताओं के भाजपा कार्यालय में स्वागत का। इसमें उमा भारती सहित तमाम चयनित पदाधिकारी आने वाले हैं परंतु होर्डिंग्स केवल प्रभात झा के लगाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं प्रभात झा के 74 बंगले स्थित निवास को भी रौशनी से नहला दिया गया है। हालांकि यह सबकुछ होना उमा भारती के लिए चाहिए था परंतु हो प्रभात झा के लिए रहा है। 

सनद रहे कि यह वही प्रभात झा हैं जो प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए अपने कार्यकर्ताओं को मंच, माला और माइक से दूर रहने की नसीहतें दिया करते थे। चरित्र का पाठ पढ़ा रहे थे और राजनीति में गुटबाजी से दूर कैसे रहें इसके गुर सिखाया करते थे परंतु शिवराज सिंह के हमले के बाद अब वही प्रभात झा, शिवराज सिंह चौहान के अंदाज में ही उन्हें जवाब दे रहे हैं। यकीन ना हो तो बाहर निकलकर देखिए राजधानी की सड़कों पर।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!