मध्यप्रदेंश में भी होंगी यूनिवर्सिटी की रेंकिंग

भोपाल। प्रदेश में स्थित सभी शासकीय एवं निजी विश्वविद्यालयों की रेंकिंग की जायेगी। इससे उत्कृष्ट और कमजोर विश्वविद्यालयों की पहचान हो सकेगी। महाविद्यालयों में छात्रों का पंजीयन बढ़ाने के लिये कॉलेज चलो अभियान चलाया जायेगा।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने यह बात मंगलवार को प्रशासनिक अकादमी में ‘‘ विश्वविद्यालयों में सुशासन, शोध एवं शिक्षण क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिये नवीन प्रयास ’’ पर कुलपतियों, कुलसचिवों और प्राचार्यों की कार्यशाला में कही।

महिला एवं वोकेशनल ट्रेनिंग विश्वविद्यालय खोलने का प्रस्ताव

उच्च शिक्षा मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश में हर क्षेत्र में और सभी विषयों पर विश्वविद्यालय स्थापित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला विश्वविद्यालय और वोकेशनल ट्रेनिंग विश्वविद्यालय खोलने पर भी विचार किया जा रहा है। श्री शर्मा ने अटल बिहारी वाजपेयी हिन्दी विश्वविद्यालय, साँची बौद्ध एवं भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय सहित अन्य नवीन विश्वविद्यालयों के बारे में जानकारी दी।

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि कार्यशाला में सिर्फ भाषण नहीं संवाद हों। उन्होंने कहा कि ऐसा कार्य करें जो विद्यार्थी और समाज को दिखे। श्री शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग कर शैक्षणिक स्तर में गुणात्मक सुधार करें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों के उत्कृष्ट फेकल्टी को सम्मानित करने की योजना बनाई जाये। श्री शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय एक्ट में संशोधन कर और प्रभावी बनाया जायेगा। उन्होंने उच्च शिक्षा कोष एवं शिक्षा गारंटी लोन के बारे में भी जानकारी दी।

उच्च शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों को महापुरूषों के बारे में जानकारी नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि क्विज और अन्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से देश के महापुरूषों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत करवायें। उन्होंने कहा कि संभागीय मुख्यालयों पर स्थित विश्वविद्यालयों में स्वामी विवेकानन्द के 150 वें जन्म वर्ष समारोह पर कार्यक्रम किये जायं।

प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा श्री जे.एन.कंसोटिया ने गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देने तथा परिणामूलक कार्य करने पर जोर दिया। आयुक्त उच्च शिक्षा श्री व्ही.एस.निरंजन ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किये गये सुधारों के बारे में जानकारी दी। केन्द्रीय गुरू घासीदास विश्वविद्यालय बिलासपुर के कुलपति श्री लक्ष्मण चतुर्वेदी ने शिक्षा ऋण की सुलभ उपलब्धता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों की सम्पूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिये। कार्यशाला का समापन 17 अप्रैल को होगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!