इन्दौर। कांग्रेसियों की बैठक में संघ कार्यालय के हमलावर की प्रशंसा हुई और उसे कांग्रेस नेताओं ने इनाम भी दे डाला। अब उसे राहुल गांधी से मिलवाया जाएगा। कल चार नंबर क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक सोमईश गार्डन में हुई।
15 जनवरी के शांति मार्च को लेकर आयोजित इस बैठक में विधायक अश्विन जोशी ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आरएसएस कार्यालय पर हमला करने वाले महक नागर पार्टी के एकमात्र शेर निकले, जिसने संघ के हमले का जवाब दिया और हमारी पार्टी के लोगों ने उसकी मदद करने से इंकार कर दिया।
यदि किसी भी प्रकार की राजी-नाराजी है तो उसकी अभिव्यक्ति पार्टी के भीतर ही होना चाहिए, सार्वजनिक तौर पर इस तरह की बातें नहीं करना चाहिए। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरता है। अश्विन ने तो कह दिया कि वे इस केस को लडऩे के लिए अपनी 6 माह की विधायकी का वेतन देने को तैयार हैं तो कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने कह दिया कि वे 11 हजार रुपये इनाम देंगे। पूर्व मंत्री सी.पी. शेखर भी समर्थन करते नजर आए। इसी बीच संघ कार्यालय पर हमला करने वाले महक नागर को राहुल गांधी से मिलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।