भोपाल। आठसाल बाद अपनी कांग्रेस में वापस लौटे पूर्व सांसद एवं मध्यप्रदेश के धाकड़ नेता दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह ने कहा कि मैने बहुत चुनाव लड़ लिए, अब कांग्रेस संगठन के लिए काम करूंगा। उन्होंने कहा कि अगले दो महीने में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की लहर शुरू हो जाएगी।
राजधानी में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में अपने सम्मान समारोह के बाद लक्ष्मण सिंह पिछले आठ सालों में झेले दर्द को बयां करते हुए कहा कि भाजपा ने मेरा इस्तेमाल किया। मुझे मेरे भाई के खिलाफ यूज किया गया और बस छोड़ दिया। श्री सिंह ने कहा कि बतौर भाजपा अध्यक्ष नितिन गड़करी ने मेरे भाई दिग्विजय सिंह के संबंध में व्यक्तिगत टिप्पणी की थीं, इसी से मैं आहत हुआ था। राजनीति में मुद्दों पर टिप्पणी होनी चाहिए, व्यक्तिगत और पारिवारिक नहीं। उन्होंने कहा कि मैं इस पक्ष में हूं कि आतंकवाद को धर्म से नहीं जोड़ा जाना चाहिए क्योंकि यह एक मनोवृत्ति है।
एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि मैं बहुत चुनाव लड़ चुका हूं अब पार्टी के लिए काम करना चाहता हूं। प्रदेश में अगले दो माह में कांग्रेस की लहर पैदा हो जाएगी। भाजपा में कई लोग हैं जो तीसरी बार सरकार नहीं बनने देना चाहते। उनके नाम टिकिट वितरण के समय सामने आएंगे। लक्ष्मण सिंह के स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग अध्यक्ष मानक अग्रवाल, भोपाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष पीसी शर्मा समेत स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे।