मुख्यमंत्री सड़क के लिए खेत को खोद बना डाला तालाब

shailendra gupta
खिलचीपुर/ खिलचीपुर तहसील के ग्राम माण्डाखेड़ा मे मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत ठेकेदार शिवहरे द्वारा सड़क का निर्माण किया जा रहा था। ठेकेदार के लोगों ने सड़क से महज कुछ ही दूरी पर स्थित चम्पालाल चमार के खेत की जमीन को जेसीबी मशीन से खोदकर मिट्टी निकाल ली।

मिट्टी भी इतनी निकाली मानो खेत नहीं तालाब जैसा दिख रहा है और उसी मिट्टी से सड़क बना दी। खेत की मिट्टी ले जाने की जानकारी लगने पर खेत मालिक द्वारा आपत्ति लेने पर ठेकेदार के लोगों ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए दबंगाई दिखाई।

फरियादी चम्पालाल चमार ने इसकी शिकायत जनसुनवाई से लेकर हरिजन थाने तक की लेकिन आज तक ठेकेदार पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस संबंध मे जब हमारे प्रतिनिधि ने मोबाईल द्वारा ए.के.शिवहरे से मोबाईल पर कई बार सम्पर्क करना चाहा तो उनका मोबाईल नहीं लग पाया।


चम्पालाल चाहता है न्याय


फरियादी चम्पालाल न्याय पाने तथा दोषी ठेकेदार पर कार्यवाही के लिए कई बार जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई तथा हरिजन थाना राजगढ़ मे आवेदन कर चुका है लेकिन उसको आज तक न्याय नहीं मिला है। फरियादी द्वारा 25/09/2012 को उसकी जमीन ठेकेदार द्वारा मिट्टी खोद ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी जिस पर दो माह हो जाने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई और फरियादी आज तक न्याय के लिए जिला मुख्यालय एवं हरिजन थाने के चक्कर लगा रहा है।

हरिजन थाने मे की शिकायत


इस संबंध मे आवेदक चम्पालाल चमार ने ए.के.शिवहरे एण्ड कम्पनी के लोगों के खिलाफ जातिगत अपशब्दों का प्रयोग, र्दुव्यवहार तथा खेत से मिट्टी खोद ले जाने की शिकायत 06/11/2012 को की थी साथ ही एस.डी.एम. खिलचीपुर को भी शिकायत दर्ज कराई थी परन्तु इस गरीब को आज तक न्याय नहीं मिल सका है।

इनका कहना है 

आप आवेदक को पुनः आवेदन के साथ भेज दें। मैं मामले को देखता हूं।
डीएसपी
हरिजन थाना राजगढ़

हमने आवेदक को थाने मे रिपोर्ट करने को कहा है। यह आपराधिक कृत्य है। पुलिस कार्यवाही करेगी।
एम.बी.ओझा
कलेक्टर राजगढ़

मैं मामले को दिखवाती हूं। निश्चित तौर पर उचित कार्यवाही की जायेगी।
सुश्री माधवी नागेन्द्र 
एस.डी.एम. खिलचीपुर

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!