भोपाल। अशोका गार्डन में एक व्यक्ति को इंजीनियरिंग छात्रों को मकान किराए पर देना महंगा पड़ गया। आरोपी छात्र जाते-जाते घर से पानी की मोटर, नल, पंखे और लाइट के वायर तक उखाड़ ले गए। इतना ही नहीं मकान में तोड़फोड़ भी कर गए।
अशोका गार्डन पुलिस के अनुसार 12 महल शाहजहांनाबाद निवासी दानिश इकबाल (24) पिता इकबाल अहमद का नगर निगम कॉलोनी अशोक विहार, अशोका गार्डन में मकान है। उन्होंने यह मकान शैलेंद्र सिंह और विजय सिंह नाम के दो इंजीनियरिंग छात्रों को 10 हजार रुपए महीने किराए पर दिया था। कुछ दिन पहले जब वे मकान पहुंचे तो वह खाली था। मकान में लगी पानी की मोटर, नल, पंखे और लाइटें गायब थीं। बिजली के तार उखाडे हुए थे, जबकि खिड़की के कांच और दरवाजों में तोड़फोड़ भी की गई थी।
इकबाल ने आरोप लगाए कि छात्रों ने किराया भी नहीं दिया। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत अशोका गार्डन पुलिस से की। पुलिस ने मामले की जांच के बाद शैलेंद्र और विजय के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।