भोपाल। नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से कहा कि वे अगर स्वच्छ छवि के नेता के रूप में अपनी कोई पहचान बताने का दावा करते है तो उन्हें अपने नजदीकी और रिष्तेदारों की 2003 से 2013 तक की संपत्ति सार्वजनिक करना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखे पत्र में कहा कि आज पूरे प्रदेश में आपके भाई, भतीजों और साले द्वारा बेहिसाब संपत्ति कमाने के चर्चे आम है। दूसरी ओर आप अपने आपको बेदाग नेता बतलाते है। इस विरोधाभास को दूर करने और जनता के अंदर आपके भाई-भतीजों की भ्रष्टाचार की खबरों को विराम देने के लिए यह जरूरी है कि आप अपने नजदीकी रिश्तेदारों की संपत्ति सार्वजनिक करें।
श्री सिंह ने मुख्यमंत्री के लिखे पत्र में कहा कि आपके नजदीकी और रिश्तेदारों में श्री संजय सिंह, श्री नरेन्द्र सिंह चौहान, श्री प्रद्युम्न सिंह चौहान, श्री रोहित सिंह चौहान, और हरीश सिंह एवं मुकेश टंडन की संपत्ति का विवरण निम्न बिंदुओं पर सार्वजनिक करें-
- क्या वर्ष 2003 में आपके ये नजदीकी आयकर रिटर्न भरते थे।
- वर्ष 2003 में उनके नाम पर उनके पास कुल कितनी संपत्ति थी।
- वर्ष 2012-13 में उपरोक्तानुसार लोगों द्वारा प्रस्तुत किया गया आयकर रिटर्न एवं उनकी आय एवं संपत्ति का विवरण।
- आपके उपरोक्त नजदीकी और रिश्तेदारों का व्यवसाय क्या है।
नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उपरोक्त बिंदुओं के आधार पर उल्लेखित व्यक्तियों की जानकारीमय दस्तावेजों के सार्वजनिक करने एवं इसकी प्रतिलिपि उन्हें उपलब्ध कराने को कहा है।