देवास, 2 नवंबर 2026: अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए वाहनों की चेकिंग कर रहे खातेगांव थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिलीप पूरी को शराब से भरे एक ट्रक ने कुचलकर मार डाला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुरेंद्र शर्मा ने कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी पर शराब माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
शराब माफिया से संघर्ष में पुलिस इंस्पेक्टर दिलीप पुरी की मौत
देवास पुलिस की ओर से मिला प्राथमिक जानकारी के अनुसार, खातेगांव के थाना प्रभारी श्री दिलीप पुरी को सूचना मिली थी कि शराब माफिया का ट्रक इंदौर-बैतूल हाईवे से गुजरने वाला है। श्री दिलीप पुरी ने चेकप्वाइंट बनाकर हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की जांच करना शुरू कर दिया। उनकी इनफॉरमेशन सही थी। आधी रात के बाद एक ट्रक की स्थिति संदिग्ध होने पर उसे रोक लिया गया। ड्राइवर को नीचे उतरने के लिए कहा गया लेकिन ड्राइवर ने ट्रक को डिवाइडर पर खड़े इंस्पेक्टर दिलीप पुरी पर चढ़ा दिया और उन्हें कुचलता हुआ फरार हो गया। संदलपुर में ट्रक को पकड़ लिया गया, ट्रक में सचमुच शराब भरी हुई थी। गंभीर रूप से घायल इंस्पेक्टर दिलीप पुरी को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुरेंद्र शर्मा ने जीतू पटवारी पर शराब माफिया को संरक्षण का आरोप लगाया
कांग्रेस का हाथ, शराब माफिया के साथ.. @jitupatwari जी राहुल जायसवाल को खातेगांव विधानसभा का प्रभारी क्या इसीलिए बनाया था कि उनक शराब का धंधा दो दो जिलों में चल सके?? आपकी इस कृपा का दुष्परिणाम एक पुलिस अधिकारी को प्राण गँवाने पड़े। अपराधी कितने भी ताकतवर हों उनके पीछे कोई भी हो कानून कठोर कार्यवाही करेगा।
— Surendra Sharma Shivpuri (@surendraGmp) November 2, 2026
भारतीय जनता पार्टी, मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर सवाल उठाते हुए शराब माफिया को कथित राजनीतिक संरक्षण दिए जाने के आरोप लगाए हैं। सुरेन्द्र शर्मा ने सवाल किया कि राहुल जायसवाल को खातेगांव विधानसभा का प्रभारी क्या इसलिए बनाया गया था कि उनका शराब का कथित कारोबार दो-दो जिलों में चल सके? उन्होंने इस मामले को राजनीतिक संरक्षण और कानून-व्यवस्था से जोड़ते हुए कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा।
निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं: मुख्यमंत्री
इस घटनाक्रम पर मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि, देवास जिले के खातेगांव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कर्तव्य निर्वहन करते हुए थाना प्रभारी श्री दिलीप पुरी जी के दिवंगत होने का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस कठिन समय में शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। घटना की जांच के लिए स्पेशल DG श्री उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पन रवाना किया गया है। मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वीर बलिदानी श्री दिलीप पुरी जी की धर्मपत्नी को एसआई के पद पर अनुकंपा नियुक्ति एवं परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति !
लेटेस्ट अपडेट: कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल गिरफ्तार
देवास के चंदाना शराब कांड मे आरोपी अमन कासलीवाल के पिता प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल पुलिस ने किया गिरफ्तार। यह जानकारी देते हुए श्री सुरेंद्र शर्मा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री अरुण सुभाष चंद्र यादव से पूछा है कि, अब आप प्रदेश को बताएं कि आप देवास किस लिये गये थे? क्या शराब माफिया को बचाने गये थे??? जीतू पटवारी जी आनंद कासलीवाल और अमन कासलीवाल का नाम पिछले कई दिनों से देवास की ज़हरीली शराब के मामले में चर्चा है फिर भी वह आजतक कांग्रेस के प्रवक्ता के पद पर क्यों हैं? प्रदेश की जनता जवाब चाहती है।
रिपोर्ट: अजय अजमीढ़।

