भोपाल, 19 नवंबर 2026: हर्षा रिछारिया (हर्षानंद गिरि) लगातार सुर्खियों में बने रहने की कोशिश करती है। जब वह अपने काम के कारण हेडलाइंस में नहीं आ पाती तो फिर किसी कंट्रोवर्सी की कोशिश करती है। पिछले दिनों बागेश्वर वालों को टारगेट पर लेकर कुछ दिनों तक हेडलाइंस में रही थी। अब धार्मिक आश्रमों और पहाड़ों में महिला आरक्षण की मांग का वीडियो जारी कर दिया है। उन्होंने योग्यता नहीं बल्कि महिला के आधार पर प्रमुख पदों की मांग की है।
हर्षा ने अखाड़े में मैनेजमेंट की पावरफुल पोजीशन मांगी
हर्षा रिछारिया (हर्षानंद गिरि) ने धार्मिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि जब देश के 13 अखाड़ों और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अहम पदों पर पुरुष संत जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, तो महिला संतों, साध्वियों और महिला महामंडलेश्वरों को भी नेतृत्व में जगह मिलनी चाहिए। उन्हें केवल महामंडलेश्वर की उपाधि देने तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी भी दी जानी चाहिए।
महिला श्रद्धालुओं की समस्याएं महिला संतो को सुननी चाहिए
हर्षा रिछारिया ने कहा कि आश्रमों और अखाड़ों से जुड़ी कुछ घटनाओं और संतों पर लग रहे आरोपों से समाज का भरोसा प्रभावित हो रहा है। किसी एक संत या संस्था पर लगे आरोपों का असर पूरे संत समाज की छवि पर पड़ता है। ऐसे में महिला संतों को अहम जिम्मेदारियां देने से आश्रमों और अखाड़ों में आने वाली महिलाओं को अपनी बात रखने के लिए एक सहज मंच मिल सकेगा। उनके मुताबिक, महिला साध्वियां और संत, महिलाओं से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं को बेहतर तरीके से समझ सकेंगी।
महामंडलेश्वर बनाने के बाद भी नहीं मिलती अहम जिम्मेदारी
हर्षा रिछारिया ने कहा कि कई महिलाओं को महामंडलेश्वर बनाया जाता है, लेकिन इसके बाद उन्हें अखाड़ों या अखाड़ा परिषद में कोई महत्वपूर्ण पद नहीं दिया जाता। उन्हें केवल उपाधि तक सीमित रखने के बजाय संगठन के फैसलों और संचालन में भी भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ महिला साध्वियां भारत सरकार के मंत्रालयों में भी अहम जिम्मेदारियां संभाल रही हैं। जब सरकार उन पर भरोसा कर सकती है, तो अखाड़ा परिषद और संत समाज उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी क्यों नहीं दे सकते?
महिला कथावाचकों और व्यास पीठ पर भी उठाया सवाल
उन्होंने महिला कथावाचकों का विरोध किए जाने और महिलाओं के संन्यास लेने पर उठने वाली आपत्तियों पर भी सवाल किया। उनका कहना है कि महिलाओं को धर्म और अध्यात्म के क्षेत्र में बराबरी से अवसर मिलने चाहिए। महिला संतों को नेतृत्व में जगह मिलने से आश्रमों और अखाड़ों में आने वाली महिलाओं के लिए संवाद और शिकायत का रास्ता मजबूत हो सकता है।
हर्षा रिछारिया ने उम्मीद जताई कि महिला संतों की भागीदारी बढ़ने से धार्मिक संस्थाओं में महिलाओं की सुरक्षा, उनकी समस्याओं और शोषण से जुड़े मामलों पर अधिक संवेदनशीलता के साथ काम हो सकेगा। उन्होंने अखाड़ा परिषद, सभी अखाड़ों और संत समाज से इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

.webp)