भोपाल, 2 नवंबर 2026: देवास जिले के खातेगांव में अवैध मदिरा परिवहन से जुड़ी गंभीर घटना के मामले में आबकारी विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए हरदा जिले के टिमरनी वृत्त में पदस्थ सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमर सिंह वघेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रथम दृष्टया कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं निगरानी में शिथिलता पाए जाने पर की गई है।
आबकारी आयुक्त द्वारा टिमरनी के सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमरसिंह बघेल एवं आरक्षक अरुण कुमरे तथा कृष्णपाल सिंह डोडियार को भी निलंबित किया गया है। कलेक्टर हरदा द्वारा लाइसेंसी पाटेन्द्र जायसवाल की टिमरनी स्थित तीन मदिरा दुकानों सोडलपुर रोड टिमरनी, रहटगांव, टिमरनी और हरदा रोड टिमरनी के लायसेंस निलंबित किये गये हैं।
उल्लेखनीय है कि देवास में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए वाहनों की चेकिंग कर रहे खातेगांव थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिलीप पूरी को शराब से भरे एक ट्रक ने कुचलकर मार डाला था। ट्रक में अवैध शराब भरी हुई थी। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश और शोक की लहर दौड़ गई थी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वीर बलिदानी श्री दिलीप पुरी जी की धर्मपत्नी को एसआई के पद पर अनुकंपा नियुक्ति एवं परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

