भोपाल, 22 नवंबर 2026: मध्य प्रदेश शासन की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के मोहित गोगिया, मोहित की पत्नी श्वेता गोगिया और उनकी कंपनी के खिलाफ 10 करोड़ की ठगी के मामले में, भोपाल कोर्ट में चार्ज शीट प्रस्तुत कर दी गई है। EOW की इन्वेस्टीगेशन में मोहित और श्वेता दोषी पाए गए हैं एवं EOW द्वारा कोर्ट में दावा किया गया है कि उनके पास दोनों के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं।
गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के संचालक किशन मोदी से 10 करोड़ की ठगी का मामला
आरोपित मोहित गोगिया पर भोपाल की डेरी उत्पाद बनाने वाली कंपनी गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के संचालक किशन मोदी से 10 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है। आरोपित ने पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए फर्जी चैट दिखाई थी। चैट के माध्यम से उसने दावा किया था कि भारतीय स्टेट बैंक की जीएम कुंदन ज्योति से उसकी बातचीत हो रही है। हालांकि ईओडब्ल्यू की जांच में बैंक प्रबंधन ने इस प्रकार की किसी भी बातचीत से इन्कार कर दिया है। किशन मोदी की शिकायत पर ईओडब्ल्यू ने अगस्त, 2025 में मोहित गोगिया, उसकी पत्नी श्वेता गोगिया और कंपनी एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
मामला कब हाइलाइट हुआ
यह मामला उस समय चर्चा में आया जब इंटरनेट पर मोहित गोगिया का कथित बयान तेजी से प्रसारित हुआ। इस बयान में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) रहे दीपम रायचुरा को एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने का जिक्र था। कथित बयान में भोपाल में शराब की दो दुकानें हासिल करने के लिए रिश्वत देने की बात सामने आई थी। इसके अतिरिक्त दुकानों के लिए पौने तीन करोड़ रुपये की फर्जी ई-एफडीआर स्वीकार कराने में सहयोग देने की बात भी कही गई थी। विभागीय जांच के दौरान एफडीआर के फर्जी होने की पुष्टि हो चुकी है।
मोहित गोगिया के खिलाफ दिल्ली, पंजाब और गोवा सहित कई राज्यों में ठगी के मामले
आरोपित मोहित गोगिया के खिलाफ वित्तीय धोखाधड़ी का मामला कई प्रदेशों तक फैला हुआ है। मोहित के विरुद्ध दिल्ली, पंजाब और गोवा सहित कई राज्यों में धोखाधड़ी और ठगी के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने पिछले वर्ष आरोपित को गिरफ्तार किया था। वर्तमान में आरोपित मोहित गोगिया दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।

.webp)