भोपाल, 22 नवंबर 2026: नगर निगम में आए नए कमिश्नर श्री राम प्रकाश अहिरवार ने नए तेवरों के साथ काम करना शुरू कर दिया है। स्थानीय विधायक के संरक्षण में लोकल के नेताओं द्वारा सड़कों पर जो अतिक्रमण करवाए जा रहे हैं, उनके खिलाफ अभियान तेज हो गया है। शनिवार को जवाहर चौक सहित कई इलाकों में कारवाई देखी गई थी। कमिश्नर का कहना है कि सोमवार से यह निरंतर जारी रहेगी।
अतिक्रमणकारियों ऐसे विरोध कर रहे थे जैसे उन्हें पट्टा मिला हो
जवाहर चौक पर, जब नगर निगम के कर्मचारियों ने सड़क के कुछ हिस्से तक आ गई सब्जी की गाड़ियों को हटाने की कोशिश की, तो उन्हें दुकानदारों के विरोध का सामना करना पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक, इस विवाद और धक्का-मुक्की के दौरान एक बुजुर्ग महिला गिर गईं। नगर निगम के अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि कुछ दुकानदारों ने जबरदस्ती अपनी गाड़ियां वापस ले लीं और प्रवर्तन दल (एनफोर्समेंट टीम) के सदस्यों के साथ बदसलूकी की।
स्पेशल नोट: दरअसल सड़क पर अतिक्रमण करके हर रोज हजारों रुपए का बिजनेस करने वाले नगर निगम की टीम से इसलिए अधिकार पूर्वक संघर्ष करते हैं क्योंकि एक तरफ उनके पॉलीटिकल कनेक्शंस होते हैं और दूसरी तरफ सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के बदले वह रिश्वत नहीं बल्कि किराया देते हैं। यह किराया कभी स्थानीय विधायक का कोई व्यक्ति, कभी लोकल पार्षद, कभी नगर निगम का वार्ड अधिकारी, जहां जो पावरफुल होता है, वह लेता है। बदले में गारंटी देता है कि उसके खिलाफ कोई अतिक्रमण की कार्रवाई नहीं होगी।
कमिश्नर ने खुद खड़े होकर बोट क्लब का अतिक्रमण हटवाया
लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार, यह अभियान लगभग दो घंटे तक चला, जिसमें नगर निगम ने दो ट्रकों में भरा हुआ सामान जब्त कर लिया। बाद में, नगर आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अतिक्रमण का जायजा लेने के लिए बोट क्लब इलाके का दौरा किया। रिपोर्ट के अनुसार, शाम को प्रवर्तन दल ने वहां से गाड़ियां, कुर्सियां, प्लास्टिक की शीटें, अस्थायी शेड, अवैध चबूतरे, नालियों पर रखे स्लैब, आवाजाही में रुकावट डालने वाले वाहन, निर्माण कार्य का सामान, लकड़ी और बैरिकेड्स हटा दिए। फुटपाथ पर रखी सब्जी और कपड़ों की दुकानें, कियोस्क, पान के काउंटर, बोर्ड, स्टूल, मेज और अन्य सामान भी हटा दिए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, बोट क्लब के फुटपाथ पर आग जलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई और उन पर जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम ने वल्लभ भवन, नेहरू नगर चौराहा, भीम नगर, एमपी नगर जोन 1, जिंसी चौराहा, काली जी मंदिर और पुल पात्रा में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। रिपोर्ट में जिन अन्य जगहों का जिक्र है, उनमें गिन्नीौरी, बरखेड़ा पठानी, पीर गेट, जामा मस्जिद, अशोक गार्डन, सोनागिरी, गांधी नगर, लालघाटी और बैरागढ़ शामिल हैं। अहिरवार ने कहा कि बोट क्लब इलाके को बेहतर बनाया जाएगा और शहर की सूरत संवारने के लिए अन्य जगहों पर भी पेंटिंग और रखरखाव का काम किया जाएगा।

