भोपाल, 16 अक्टूबर 2026: मध्य प्रदेश एक समृद्ध और संवेदनशील राज्य है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज नर्मदा पुरम की स्वर्गीय शिवानी शर्मा के परिवार की प्रशंसा करते हुए बताया कि शिवानी शर्मा के अंतिम संस्कार के समय शासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
शिवानी के कारण तीन लोगों को जीवन का अनमोल उपहार मिला
डॉ मोहन यादव ने बताया कि, सड़क दुर्घटना में ब्रेन डेड हुईं नर्मदापुरम जिले में बनखेड़ी के ग्राम खापा खुर्द निवासी श्रीमती बिलाश टांटी शर्मा (शिवानी) के एम्स, भोपाल में अंगदान से तीन लोगों को जीवन का अनमोल उपहार मिला है। असहनीय दुःख की घड़ी में उनके परिजनों ने अंगदान का निर्णय लेकर मानवता, संवेदनशीलता और परोपकार की ऐसी मिसाल पेश की, जो सभी को प्रेरित करेगी।
पैतृक गांव में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर
राज्य शासन के निर्णय अनुसार शिवानी जी के पैतृक गांव में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें सम्मानित किया गया। यह पहल दर्शाती है कि अंगदान के प्रति जागरूकता अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी सकारात्मक बदलाव ला रही है और समाज में जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ रही है।
श्रीमती शिवानी का यह महादान तीन परिवारों के जीवन में नई उम्मीद बनकर आया है। उनका योगदान मानवता के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।

