श्रावण अमावस्या के शक्तिशाली प्रयोग: महादशा, शत्रु विनाश यहां तक कि अकालमृत्यु से मुक्ति

Updesh Awasthee
सनातन परंपरा में श्रावण मास की अमावस्या तिथि शिव साधना, पितृ-तर्पण, मानसिक शांति और उग्र ग्रह-दोषों के निवारण हेतु अत्यंत अलौकिक अवसर मानी गई है।श्रावण अमावस्या का शास्त्रों में विशेष महत्व बतलाया गया है। स्कंद पुराण, शिव महापुराण, रुद्रयामल तंत्र तथा शैवागमों (कामिकागम व कारणागम) के अनुसार, इस पावन तिथि पर भगवान रुद्र के 'रसात्मक स्वरूप' की साधना, 'कुशाभिषेक', 'विजया-अभिषेक' और 'रुद्रात्मक महादीप दान' करने से साधक के जीवन के समस्त अनिष्टों (अशुभ घटनाओं) और अरिष्टों (दैहिक-दैविक कष्टों) का समूल नाश होता है। 

1. रसात्मक रुद्र और श्रावण अमावस्या का मर्म

स्कंद पुराण और तंत्र शास्त्रों के अनुसार "रसात्मको रुद्रः" अर्थात् भगवान रुद्र रसप्रिय हैं। वे केवल संहारक नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा और परमानंद के अक्षय स्रोत हैं। अमावस्या की रात्रि अज्ञान रूपी अंधकार का प्रतीक है। इस दिन शिवजी के रसात्मक स्वरूप का पूजन साधक के भीतर के अहंकार, क्रोध और कठोरता को मिटाकर सात्विक ऊर्जा का संचार करता है। 

2. कुशाभिषेक: सर्व-व्याधि एवं सूक्ष्म-विकार नाशक

स्कंद पुराण के अनुसार, कुशा (पवित्र घास) साक्षात औषधि का प्रतीक है।
• विधि व प्रभाव: जल पात्र में कुशा के तिनके रखकर 'ॐ नमः शिवाय' जपते हुए शिवलिंग पर जलधारा अर्पित की जाती है। यह अभिषेक साधक के आभामंडल (Aura) को शुद्ध करता है और शरीर तथा मन के समस्त सूक्ष्म विकारों व असाध्य रोगों का शमन करता है।

3. विजया-अभिषेक: बुद्ध ग्रह एवं उग्र दोषों का शमन

शैवागमों में 'विजया' (भांग) को भगवान शिव की संजीवनी औषधि माना गया है। समुद्र मंथन के हलाहल विष के ताप को शांत करने के लिए महादेव को विजया अर्पित की गई थी, जिसने विष पर 'विजय' प्राप्त की।
• बुध ग्रह से शास्त्रीय संबंध: ज्योतिष और आयुर्वेद के अनुसार विजया का सीधा संबंध बुध ग्रह से है, जो मस्तिष्क, बुद्धि और तंत्रिका तंत्र (Nervous System) का स्वामी है।

• अभिषेक का प्रभाव: जब कुंडली में बुध पीड़ित होता है, तो अनिद्रा, अवसाद, भ्रम और निर्णय-हीनता जैसे विकार आते हैं। 12 अगस्त 2026 (बुधवार) को भांग के रस या दूध-मिश्रित भांग से शिवलिंग का अभिषेक करने पर पीड़ित बुध का दोष शांत होता है। इसके साथ ही राहु, केतु और शनि जनित उग्र अरिष्टों का भी निवारण होता है। शैवागम तंत्र (जैसे कामिकागम, कारणागम और मकुटागम)।

4. एकादश (11) एवं 21 बत्तियों वाला महादीप दान

शिव पुराण, स्कंद पुराण और रुद्रयामल तंत्र में विशेष मनोकामनाओं के लिए एकादश (11) व 21 बत्तियों के 'रुद्रात्मक चक्र दीप' का विधान दिया गया है:
• एकादश (11) बत्तियाँ: यह साक्षात 11 रुद्रों (कपाली, पिंगल, भीम विरूपाक्ष, विलोहित, शास्ता, अजपाद, अहिरबुध्न्य, शंभु, चंड और भव) तथा मनुष्य के 11 रुद्रों (10 प्राण + 1 मन) का प्रतिनिधित्व करती हैं। यह महादशा के कष्टों और अकाल मृत्यु के भय को मिटाती हैं।
• 21 बत्तियाँ: यह महा-सिद्धि, व्यापार वृद्धि और ऋण-मुक्ति का प्रतीक हैं। तिल के तेल से 21 बत्तियों का दीप दान करने से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष शत्रुओं का प्रभाव निष्फल हो जाता है।

5. प्रदोष काल में दीपदान की प्रामाणिक विधि

1. समय: 12 अगस्त 2026 को सूर्यास्त से 45 मिनट पूर्व और 45 मिनट बाद का प्रदोष काल सर्वोत्तम है।
2. दीपक व बाती: तांबे, पीतल, मिट्टी या आटे का बड़ा दीपक लें। 11 या 21 बत्तियों के लिए सफेद रुई या लाल कलावे (रक्त सूत्र) का प्रयोग कर उन्हें वृत्ताकार (गोल) सजाएं।
3. द्रव्य: सात्विक मनोकामना व लक्ष्मी प्राप्ति हेतु गाय का शुद्ध देसी घी तथा संकट/बाधा निवारण हेतु तिल का तेल प्रयोग करें।
4. स्थापन: दीपक को सदैव अक्षत (चावल) या बेलपत्र के आसन पर रखें।
a. मंत्र: बत्तियों को प्रज्वलित करते समय ध्यान करें: 
"शुभं करोति कल्याणमारोग्यं धनसंपदा। शत्रुबुद्धिविनाशाय दीपज्योतिर्नमोऽस्तु ते॥"

6. समर्पण एवं अंतिम प्रार्थना

अनुष्ठान संपन्न होने के पश्चात् हाथ जोड़कर भगवान शिव से यह भावपूर्ण प्रार्थना करें:
"हे परमपिता! हे साम्ब सदाशिव! आप स्वयं ज्योति स्वरूप हैं जिस प्रकार इस दीपक की पवित्र ज्योति प्रकाश का आगमन करती है और सर्वत्र फैले अंधकार का समूल विनाश कर देती है, ठीक उसी प्रकार आपकी अनन्य भक्ति और निष्काम प्रेम हमारे जीवन में प्रवेश करे। हम अज्ञानी अपने समस्त अच्छे बुरे कर्म और उनके फल आपको ही कर्ता और कारण जानकर समर्पित करते हैं। आपकी कृपा से हमारे जीवन की समस्त व्याधियों, शारीरिक-मानसिक संतापों और अज्ञान रूपी अंधकार का पूर्णतः विनाश हो, तथा हमें आपकी शरण और अक्षय शिवत्व की प्राप्ति हो।
12 अगस्त 2026 को श्रावण अमावस्या पर किया गया यह कुशाभिषेक, बुद्ध-कारक विजया-अभिषेक और महादीप दान केवल एक कर्मकांड नहीं, बल्कि अपने भीतर की चेतना को शिवत्व से जोड़ने की एक दिव्य साधना है, जो जीवन से आधिभौतिक, आधिदैविक और आध्यात्मिक - तीनों तापों को स्वतः शांत कर देती है।
प्रस्तुति: श्री गीतांजलि ज्योतिष केंद्र, इंदौर।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!