भोपाल में प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के प्रदर्शन का दूसरा दिन

Updesh Awasthee
भोपाल, 8 अगस्त 2026:
मध्य प्रदेश प्राथमिक शिक्षक भर्ती 2025 का विवाद अब बढ़ता चला जा रहा है। DPI BHOPAL परिसर में प्रदर्शन कर रहे उम्मीदवारों का कहना है कि, जब तक घोषणा के अनुसार क्लॉज़ नंबर 49 के पालन हेतु सर्कुलर जारी नहीं हो जाता है, तब तक हम यहीं बैठे रहेंगे। हम कहीं नहीं जाएंगे। आज उनके प्रदर्शन का दूसरा दिन था।

प्रदर्शनकारियों की प्रॉब्लम क्या है

अभ्यर्थियों का कहना है कि जब उन्होंने फॉर्म भरा था तो फॉर्म के क्लॉज़ 49 में स्पष्ट लिखा था कि "इस परीक्षा में भाग लेने वाले जो आवेदक निर्धारित शैक्षणिक योग्यता अर्जित करने की परीक्षा के अंतिम वर्ष में हैं ,वे भी परीक्षा में बैठने के लिए मान्य होंगे। ऐसे आवेदकों को उस तिथि को अंकसूची /उपाधि धारित किया जाना अनिवार्य होगा जिस तिथि को उनके परीक्षण हेतु शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र मांगें जाएंगे।" अब जबकि परीक्षा प्रक्रिया पूर्ण हो गई है और नियुक्ति से पहले डॉक्युमेंट वेरीफिकेशन की प्रक्रिया शुरू हुई है तो स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय वालों ने अचानक एलिजिबिलिटी की शर्त बदल दी। कहते हैं कि आवेदन वाले दिन तक शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण पत्र होना चाहिए। हम केवल इतना चाहते हैं कि क्लॉज़ नंबर 49 का पालन किया जाए। 

कमिश्नर ने क्या स्पष्टीकरण दिया था जो स्पष्ट नहीं है 

DPI परिसर में DElEd फाइनल के स्टूडेंट प्रदर्शन कर रहे हैं और लोक शिक्षण संचालनालय की कमिश्नर श्री अभिषेक सिंह ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए बताया कि, विज्ञापन जारी करने के बाद भर्ती नियमों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। रूल बुक की कंडिका 12.7 का पालन किया जा रहा है, जिसमें लिखा है,  "प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 हेतु ऑनलाईन आवेदन भरने की अंतिम तिथि तक निर्धारित शैक्षणिक / व्यावसायिक योग्यता एवं वांछित अतिथि शिक्षक अनुभव धारित करना अनिवार्य है। इस तिथि के पश्चात अर्जित शैक्षणिक / व्यावसायिक योग्यता एवं अतिथि शिक्षक अनुभव मान्य नहीं है।" 

मतलब प्रदर्शन एप्लीकेशन फॉर्म के क्लॉज़ नंबर 49 के पालन के लिए किया जा रहा है और CPI श्री अभिषेक सिंह स्पष्टीकरण में बता रहे हैं कि, रूल बुक की कंडिका 12.7 का पालन किया जा रहा है। सरल हिंदी में उदाहरण सहित बोले तो:- फ्रैक्चर पर प्लास्टर के लिए प्रदर्शन किया जा रहा है और कमिश्नर द्वारा बताया जा रहा है कि, हमने तो बचपन में ही पोलियो की दवा पिला दी थी। किसी को पोलियो नहीं हुआ है। 
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!