भोपाल, 7 अगस्त 2026: BMC मतलब भोपाल म्युनिसिपल कॉरपोरेशन, आजकल बनाने के लिए कम और बिगड़ने के लिए ज्यादा बदनाम है। सावन के महीने में नेताओं के हाथों पौधे लगवाने हैं, बड़ा प्लांटेशन ड्राइव प्लान किया जा रहा है ताकि CM-PM के नोटिस में आ जाए, लेकिन इसके लिए वह 700 हरे भरे पेड़ कटवा दिए जो मैदान में लगे हुए थे। मतलब REEL में दिखाई देना चाहिए ना की बंजर जमीन पर पेड़ लगाए हैं।
हरे भरे पेड़ों का सामूहिक हत्याकांड भोपाल के कलियासोत भदभदा क्षेत्र में किया गया है। शायद कोई स्पॉन्सर नहीं मिला होगा इसलिए पेड़ों के प्रति प्रेम प्रदर्शित करने वाले पर्यावरण के नेताओं ने यहां पर कोई चिपको आंदोलन नहीं किया। भोपाल नगर निगम का ठेकेदार, सरेआम हरे भरे पेड़ों की कटाई करता रहा। निवासियों का दावा है कि इस दौरान कई नीम, गूलर और शीशम के पेड़ काटे गए। जो कि पर्यावरण के लिए, इकोसिस्टम के लिए, और शास्त्रों के अनुसार देवताओं को प्रसन्न करने के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। लोकल के लोगों ने आपत्ति उठाई और यह बात मीडिया तक पहुंचाई। जब पत्रकारों ने सवाल जवाब शुरू किए, तब कहीं जाकर मामले की जांच की बात कही जा रही है।
नगर निगम की ओर से बताया गया है कि, ठेकेदार रोहित पुरुषवानी को झाड़ियां हटाने, मैदान साफ करने के निर्देश दिए गए थे। ठेकेदार को यहां पर 10000 पौधे लगाने का ठेका दिया गया है। भोपाल नगर निगम के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा कि मामले की जांच का आदेश दिया गया है। प्रारंभिक जांच में ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है, जिन्हें 3.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नगर निगम यह भी जांच कर रहा है कि क्या कोई अधिकारी इसमें शामिल थे या अपनी निगरानी जिम्मेदारियों में चूक हुई।

.webp)