भोपाल, 2 अगस्त 2026: शहर के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने रिमोट उठाकर बटन दबाया। वह टीवी का चैनल बदलना चाहता है, टीवी का चैनल बदल भी लेकिन उसके साथ ही पत्नी का भी चैनल बदल गया। पत्नी ने हंसिया उठाया और पति में दे मारा। घायल पति अस्पताल में भर्ती है।
विदिशा से भोपाल रोजगार की तलाश में आए थे
मामले में पुलिस ने महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना शनिवार शाम की है। पुलिस के अनुसार, दंपती मूल रूप से विदिशा के रहने वाले हैं और करीब चार वर्ष पहले भोपाल आकर छोला स्थित नगर निगम कॉलोनी में रहने लगे थे। पति मजदूरी करता है। इसी दौरान टीवी का चैनल बदलने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। छोला मंदिर थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पहले से भी घरेलू विवाद होते रहे हैं।
घटना के समय पति शराब के नशे में था। विवाद के दौरान दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान पत्नी ने अपने बचाव में हंसिए का इस्तेमाल किया, जिससे पति के गाल पर चोट लगी। चोट गंभीर नहीं बल्कि सामान्य प्रकृति की है। पुलिस ने महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

