विदिशा, 23 जुलाई 2026: पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय के बायोलॉजी टीचर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनके खिलाफ स्कूल प्रिंसिपल द्वारा मामला दर्ज करवाया गया है। स्कूल की छात्राओं ने शिकायत की थी कि, बायोलॉजी की क्लास के दौरान, गंदी बातें करते हैं, गंदे चित्र बनाते हैं और टच करते हैं।
एसडीएम अनुभा जैन ने मामले की जांच की थी
प्राचार्य सुमन सिंह की ओर से दर्ज एफआईआर के अनुसार, टीचर सुनील दधीची पर क्लासरूम में अशोभनीय भाषा का प्रयोग करने, यौन संबंधी संकेत देने और बच्चियों के अंगों को अनुचित तरीके से छूने के आरोप हैं।शहर थाना प्रभारी संजय वेदिया ने बताया कि मंगलवार को शिक्षक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। फिलहाल, पूछताछ जारी है। मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। छात्राओं ने पहले अपने पेरेंट्स से टीचर की शिकायत की थी। इसके बाद पेरेंट्स ने स्कूल प्रबंधन और एसडीएम से संपर्क किया। 15 जुलाई को शिकायत मिलने के बाद, एसडीएम अनुभा जैन ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने पेरेंट्स और बच्चों के बयान भी दर्ज किए थे।
मुझे महिला का ऐसा ही चित्र बनाना आता है: शिक्षक का बयान
एसडीएम की शुरुआती जांच के बाद 17 जुलाई को स्कूल की आंतरिक समिति ने भी बच्चों से इस संबंध में पूछताछ की। जांच पूरी होने के बाद, टीचर सुनील दधीची को सस्पेंड कर भोपाल अटैच कर दिया गया। पेरेंट्स ने आरोप लगाया था कि बायोलॉजी के टीचर पढ़ाते समय बोर्ड पर महिला और पुरुष के चित्र बनाते हैं। पुरुष के चित्र में कपड़े बनाते हैं, लेकिन महिला के चित्र को नग्न दर्शाते हैं। शिक्षक सुनील दधीची ने सफाई दी कि उन्हें महिला चित्र पर कपड़े बनाना नहीं आता, जिसके बाद छात्राएं ही उस पर कपड़े ड्रॉ करती हैं। एक महिला अभिभावक ने कहा- "कई ऐसी बातें हैं जिन्हें बताया भी नहीं जा सकता।"
मुझ पर लगाए सारे आरोप झूठे
हिरासत में लिए गए टीचर सुनील दधीची का कहना है कि मुझ पर जो आरोप लगाए गए हैं वह सभी झूठे हैं। जैसे आरोप हैं वह सब स्कूल के अंदर होना नामुमकिन है। उन्होंने कहा कि बायोलॉजी की पुस्तकों में जो है उसे उसी तरीके से पढ़ाया जाता है।

.webp)