अलीराजपुर, 3 जून 2026: अलीराजपुर नगर में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को हो रही भारी परेशानी का मामला सामने आया है। नागरिक मोर्चा समिति ने सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नगर में तत्काल नई गैस एजेंसी खोलने की मांग की है।
एक एजेंसी पर 20 हजार कनेक्शन का बोझ
समिति ने ज्ञापन में बताया कि वर्तमान में पूरे अलीराजपुर नगर में केवल मनोरमा गैस एजेंसी संचालित है। इस एकल एजेंसी पर करीब 20 हजार गैस कनेक्शन का भार है। अत्यधिक कनेक्शन होने के कारण गैस सिलेंडर का वितरण बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी समय पर रिफिल नहीं मिल पा रहा, जिससे घरों में चूल्हे ठंडे पड़ रहे हैं।
नियम क्या कहते हैं?
नागरिक मोर्चा समिति ने अपने पत्र में नियमों का हवाला भी दिया। नियमानुसार, किसी भी क्षेत्र में 7000 से अधिक गैस कनेक्शन होने पर नई एजेंसी खोलने का प्रावधान है। अलीराजपुर में कनेक्शन की संख्या 20 हजार होने के बावजूद अब तक दूसरी एजेंसी नहीं खोली गई है, जो नियमों का उल्लंघन है।
केंद्रीय मंत्री और सांसद को भी भेजी प्रतिलिपि
समिति ने इस ज्ञापन की प्रतिलिपि केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी और रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर संसदीय क्षेत्र की सांसद अनिता नागरसिंह चौहान को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की है। समिति के पदाधिकारियों ने कलेक्टर से शीघ्र समस्या का निराकरण कर उपभोक्ताओं को राहत देने की अपील की है।
क्या कहते हैं नागरिक
समिति के सदस्यों का कहना है कि एक एजेंसी पर अत्यधिक दबाव के कारण वितरण व्यवस्था चरमरा गई है। कई बार उपभोक्ताओं को 15 से 20 दिन तक सिलेंडर के लिए इंतजार करना पड़ता है। त्योहारों और आपात स्थिति में हालात और बिगड़ जाते हैं। नई एजेंसी खुलने से न केवल वितरण सुधरेगा बल्कि प्रतिस्पर्धा के चलते सेवा की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से इस ज्ञापन पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि प्रशासन इस जनहित के मुद्दे पर जल्द ठोस कदम उठाएगा।
इस अवसर पर नागरिक मोर्चा समिति के ओम सेठ, काकडीवाला, महेंद्र प्लीज, पप्पू जैन, संजय मांझी, प्रहलाद कैठारी आदि उपस्थित थे। रिपोर्ट: नवीन सेन।

.webp)