भोपाल, 23 मार्च 2026 : भोपाल के प्रशासनिक गलियारे की सबसे बड़ी खबर तो यह है कि आज श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक को संबोधित किया, अन्यथा अक्सर कलेक्टर की खाली कुर्सी के आसपास अधिकारियों को बिठाकर फोटो कैप्चर कर लिया जाता था। दूसरी बड़ी खबर यह है कि कलेक्टर ने भोपाल में जल संवर्धन अभियान के साथ भोपाल की सबसे बड़ी जल संरचना, बड़ा तालाब के किनारे के अतिक्रमणों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए कहा।
भोपाल में अभी तक अतिक्रमणकारियों पर दहशत की कार्रवाई हुई है
यहां बताना जरूरी है कि, अब तक जो कुछ भी हुआ है वह तालाब के किनारे अतिक्रमण करने वाले करोड़पतियों में दहशत पैदा करने की करवाई है। एक भी निर्माण कार्य को इस तरीके से नहीं हटाया गया है कि वह रिपेयरिंग करके दोबारा खड़ा ना किया जा सके। बस इतनी कार्रवाई की गई है की फोटो वीडियो बन जाए, और कुछ दिनों बाद रिपेयरिंग करके वह स्ट्रक्चर फिर से खड़ा किया जा सके। समाज में इस प्रकार की कार्रवाई को अतिक्रमण कार्यों में दहशत फैला कर वसूली की कार्रवाई कहा जाता है।
भोपाल में इस सप्ताह सभी जल संरचनाओं में जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू हो जाना चाहिए
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जल संरचनाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए “जल गंगा संवर्धन अभियान” को जिले में जनसहभागिता के माध्यम से प्रभावी एवं परिणाममुखी बनाया जाए। अभियान के अंतर्गत पुरानी जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने जिले की जीवनदायिनी नदियों बेतवा, कोलांस सहित अन्य प्रमुख जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अलग से कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश भी दिए।
भोपाल में पेयजल को लेकर कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए
कलेक्टर ने नगर निगम एवं जिला पंचायत के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए पेयजल व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा पानी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या की सूचना मिलने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं संबंधित जनपद अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को पेंडिंग मत किया करो
बैठक में कलेक्टर श्री ने सिंह ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए सभी विभागों से शिकायतों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने 100 दिवस एवं 50 दिवस से लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण कर जिले की ग्रेडिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।
संकल्प से समाधान: हर शिकायत की ऐप में एंट्री होनी चाहिए
“संकल्प से समाधान” अभियान के अंतर्गत तृतीय चरण में विकासखंड स्तर तथा चतुर्थ चरण में जिला स्तरीय शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक प्राप्त आवेदनों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को लाभांवित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदक की समस्या लंबित नहीं रहनी चाहिए तथा सभी शिकायतों की ऐप पर अनिवार्य रूप से प्रविष्टि की जाए।
गेहूं उपार्जन: भोपाल में किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए
कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसानों के पंजीयन एवं सत्यापन की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी खरीदी केंद्रों पर बारदान, तौल कांटा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कर ली जाएं तथा गेहूं के उपार्जन, भंडारण एवं परिवहन व्यवस्था को सुचारू रखा जाए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती इला तिवारी, एडीएम श्री सुमित पांडेय, श्री अंकुर मेश्राम, समस्त एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

.webp)