मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विभिन्न शासकीय विभागों में रिक्त पदों को भरने का कार्य तेजी से पूरा किया जाए। रिक्त पदों पर निरंतर नियुक्तियों से विभागों के नियमित कार्यों में गति आएगी। साथ ही, वर्षों बाद पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू होने से बड़ी संख्या में पदों पर नियुक्ति का कार्य आसान हो रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों को नवीन शासकीय भर्तियों (Government Jobs) की प्रगति की निरंतर समीक्षा करनी चाहिए।
विभागों से अनुपालन प्रतिवेदन प्राप्त करने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में आयोजित बैठक में विभिन्न शासकीय विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती (Government Vacancy) के संबंध में जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों में नियुक्तियों (Madhya Pradesh Government Recruitment) की प्रगति की निरंतर समीक्षा की जाए। मुख्य सचिव स्तर और अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा विभागों को समय-सीमा में कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है। विभागों से अनुपालन प्रतिवेदन प्राप्त किया जाए। इस कार्य को समन्वय और सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। बैठक में अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, श्री संजय कुमार शुक्ल ने लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन मंडल और अन्य स्तरों पर नवीन शासकीय भर्तियों (Government Jobs) की प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय, श्री नीरज मंडलोई, सचिव, मुख्यमंत्री, श्री सिबि चक्रवर्ती, आयुक्त जनसंपर्क, डॉ. सुदाम खाड़े और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।