GWALIOR: मेट्रो टावर के सामने युवती की हत्या के बाद अधजला शव फेंका - MP NEWS

ग्वालियर।
 मध्य प्रदेश के ग्वालियर न्यू कलेक्ट्रेट रोड स्थित मेट्रो टावर के सामने शनिवार की सुबह एक महिला का अधजला शव मिला है। महिला का चेहरा झुलसा हुआ है। कमर के नीचे का हिस्सा जलने से बच गया है। पुलिस का कयास है कि महिला की किसी अन्य स्थान पर हत्या कर शव को यहां ठिकाने लगाया गया है। 

पुलिस ने पड़ताल के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव को भी मौके पर बुलाया। पुलिस को मौके पर प्लास्टिक की केन मिली है। इसमें मिट्टी के तेल की दुर्गंध आ रही है। इसलिए आशंका जताई जा रही है कि मृतका की पहचान छिपाने के लिए हत्यारों ने मिट्टी का तेल डालकर शव को जलाया है। पुलिस ने महिला के शव की पहचान नहीं होने पर शव को डेड हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है।

न्यू कलेक्ट्रेट रोड पर स्थित मेट्रो टावर के सामने सड़क किनारे ढोल वालों ने अपना छप्पर डाल रखा है। उसके ठीक पीछे घनी झाड़ियां हैं। शनिवार की सुबह एक व्यक्ति टायलेट के लिए गया। झाड़ियों में किसी महिला का अधजला शव देखकर घबराकर लौट आया। क्षेत्र के लोगों ने महिला का शव झाड़ियों में पड़ा होने की सूचना यूनिवर्सिटी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपनी निगरानी में ले लिया।

इस हालत में मिला शवः झाड़ियों में पड़े महिला के शव का गर्दन से लेकर कमर तक भाग पूरी तरह से जल गया है। आग की लपटों से चेहरा भी झुलस गया है। केवल घुटने के नीचे का हिस्सा जलने से बच गया है। महिला के कपड़े भी पुरी तरह से जल गए हैं। शव से कुछ ही दूरी पर प्लास्टिक की केन मिली है। इसलिए पुलिस को आशंका है कि इसी कट्टी में हत्यारे मिट्टी का तेल लेकर आए हैं। मिट्टी का तेल डालकर महिला के शव को हत्यारों ने जलाने का प्रयास किया है। मृतका की उम्र 25 से 30 वर्ष के लगभग की है।

किसी अन्य स्थान पर की है हत्याः न्यू कलेक्ट्रेट क्षेत्र में रात में आवाजाही रहती है। इसके ठीक सामने मेट्रो टावर पर चौकीदार रहता है। इसके पास ही पाश कालोनी है। इस स्थान के आसपास ठेले भी लगते हैं। घटनास्थल पर संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य किसी स्थान पर महिला की हत्या कर किसी वाहन से शुक्रवार की आधी रात को शव को यहां लाया गया है। महिला की पहचान छिपाने के लिए शव को जलाने का प्रयास किया है। शहर से गायब हुई एक महिला के स्वजन शव को पहचानने के लिए मौके पर पहुंचे थे, लेकिन उम्र व कद-काठी देखकर पहचान से फिलहाल इंकार कर दिया है । गुमशुदा महिला मूल रूप से झांसी की रहने वाली बताई गई है। पुलिस का कहना है कि शव की पहचान के बाद महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझ पाएगी। पुलिस ने महिला के शव की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !