पुलिस वाले के बेसुरे गानों से तंग महिलाएं DIG के पास पहुंची | INDORE NEWS

इंदौर। डीआईजी रूचि वर्धन मिश्र की जन सुनवाई के दौरान एक मजेदार मामला सामने आया। पुलिस लाइन की कुछ महिलाएं लामबंद होकर डीआईजी के सामने आई। उन्होंने बताया कि 1 पुलिस कर्मचारी जो उनके ब्लॉक में रहता है तेज आवाज में म्यूजिक बजा कर बेसुरे गाने गाता है। उसके बेसुरे गानों से पूरा ब्लॉक परेशान हो गया है। बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। महिलाओं ने डीआईजी से निवेदन किया कि वह पुलिसकर्मी को गाना गाने से मना करें या फिर उसे ब्लॉक से कहीं और शिफ्ट कर दें।

डीआईजी रुचि वर्धन मिश्र के समक्ष मंगलवार को ये परेशानी लेकर चौथी पल्टन पुलिस लाइन की कई महिलाएं एकजुट होकर पहुंची। महिलाओं ने बताया कि हम भी पुलिस परिवार से हैं, लेकिन हमारी पुलिस लाइन के एक ब्लाॅक में रहने वाला पुलिसकर्मी मनोज चौधरी ने सभी को परेशान कर रखा है। मनोज वरिष्ठ कार्यालय में डाक बांटने का काम करता है। वह ब्लॉक में जब भी आता है तो तेज म्यूजिक चालू कर गाने गाता है। कभी दिन में तो कभी शाम में तो कभी देर रात को उसके गाने से पूरा ब्लाॅक परेशान है। 

कई बार महिलाओं ने उसे समझाया तो वह बदसलूकी करता है। किसी की भी नहीं सुनता, उल्टा वरिष्ठ अधिकारियों से संबंध होने का बोलकर धमका देता है। उसके गाने के कारण बच्चों की पढ़ाई को भी नुकसान हो रहा है। इस शिकायत पर एएसपी राजेश व्यास ने तत्काल सुनवाई करते हुए एएसपी मनीषा पाठक सोनी को शिकायत दी और पुलिस जवान मनोज चौधरी को तत्काल कार्यालय उपस्थित होने के लिए कहा। बाद में एएसपी ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि अब उन्हें वह परेशान नहीं करेगा।
Tags

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !