साध्वी प्रज्ञा सिंह: काला झंडा के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई | BHOPAL NEWS

भोपाल। मध्यप्रदेश की राज्य सरकार ने भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार एवं मालेगांव बम ब्लास्ट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी है। अब आरएएफ के जवान 24 घंटे उनके साथ रहेंगे। उनसे मिलने वालों की जांच की जाएगी। उनके आवास पर भी चुनिंदा लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा। हालांकि किसी ने साध्वी को धमकी नहीं दी है पंरतु उनके बयानों के बाद एनसीपी कार्यकर्ता ने काले झंडे दिखाए अत: एहतियात के तौर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। 

आरएएफ के जवान चुनाव प्रचार के दौरान उनके साथ रहेंगे और 24 घंटे उनके घर पर भी तैनात रहेंगे। महिला सुरक्षाकर्मी भी प्रज्ञा के बंगले पर तैनात की गई हैं। प्रज्ञा के घर के अंदर और बाहर मैटल डिटेक्टर भी लगाए गए हैं। मंगलवार को नामांकन भरने कलेक्ट्रेट जाते समय उन्हें एनसीपी कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए गए थे। इसके बाद राज्य सरकार ने एहतियात के तौर पर ये कदम उठाया। 

रिवेरा टाउन स्थित साध्वी के बंगले के अंदर और बाहर मैटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। बंगले पर तैनात सुरक्षा अधिकारियों ने प्रज्ञा ठाकुर के घर के अंदर तक जाने वाले लोगों की लिस्ट बनाई है। इन्हीं लोगों को अब घर के अंदर प्रवेश मिलेगा। ये चुनिंदा लोग भी तलाशी के बाद ही घर के अंदर जा सकेंगे। बंगले के बाहर वीडियो रिकॉर्डिंग की भी व्यवस्था की जा रही है। 

महिलाओं की भी होगी तलाशी: 
बताया जा रहा है कि प्रज्ञा से मिलने आने वालों में महिलाओं की भी संख्या काफी ज्यादा है। अब प्रज्ञा ठाकुर से मिलने जाने वाली महिलाओं को भी बंगले पर तैनात सुरक्षा अधिकारी तलाशी लेने के बाद ही जाने देंगी।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !