RATLAM: बालिका गृह में लड़कियों का यौन शोषण, 4 गिरफ्तार | MP NEWS

जावरा/रतलाम। जिले के जावरा के बालिका गृह से भागी बालिकाओं के मामले की जांच पूरी हो गई है। जांच में बालिकाओं के साथ यौन शोषण, मारपीट करने और खाना नहीं देने की बात सामने आई है। कलेक्टर रुचिका चौहान को जांच रिपोर्ट मिलते ही सबसे पहले गुरुवार को जांच में दोषी 4 लोगों की गिरफ्तारी की गई। मामले की जानकारी देते हुए कलेक्टर ने बताया बालिक गृह की पूर्व संचालिका व वर्तमान बाल कल्याण समिति अध्यक्ष डॉ. रचना भारतीय भी गिरफ्तार किए लोगों में शामिल हैं।

24 जनवरी को जावरा के बालिका गृह से शोषित 5 लड़कियां भागने का मामला सामने आया था। हालांकि उसी दिन शाम को मंदसौर से लड़किया मिल गई थी। जिन्हें बालिका गृह नहीं ले जाते हुए रतलाम के वन स्टॉप सेंटर में लाकर पूछताछ की गई। उसी समय लड़कियों ने बालिका गृह में मारपीट करने, समय पर खाने नहीं मिलने सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए थे। जिसके बाद प्रशासन ने जावरा एसडीएम एमएल आर्य को जांच के निर्देश दिए।

लड़कियों द्वारा गंभीर आरोप लगाने के बाद बालिका गृह में रह 25 बालिकाओं को भी सोमवार रात को अचानक रतलाम वन स्टॉप सेंटर में शिफ्ट कर दिया। जिसके बाद सभी लड़कियों से पूछताछ की गई। जांच रिपोर्ट मिलते ही गुरुवार दोपहर कलेक्टर रुचिका चौहान ने जांच और कार्रवाई को लेकर सारी जानकारी दी। कलेक्टर ने बताया कि जावरा एसडीएम द्वारा की गई जांच में वहां रह रही बालिकाओं के साथ यौन शोषण, शारीरिक प्रताड़ना और मारपीट जैसे कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं। जिसके बाद गुरुवार को बालिका गृह से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की गई। पूरे मामले में बालिका गृह के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष डॉ. रचना भारती, उसके पति ओम प्रकाश भारतीय, संस्था के वर्तमान अध्यक्ष संदेश जैन, सचिव दिलीप बरैया को जावरा से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के खिलाफ धारा 354, 376, 323, पास्को एक्ट एवं जे.जे एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया।

घर से ही संचालित होता था बालिका गृह
मालूम हो कि जावरा में कुदंन वेलफेयर सोसायटी द्वारा बालिका गृह का संचालन किया जाता था। पूर्व में इसकी संचालिका व अध्यक्ष डॉ. रचना भारतीय थी। बाद में वह बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष बन गई है। जावरा में उन्ही के निवास परिसर में बालिका गृह संचालित किया जाता है। जिसमें उनका व उनके पति के खिलाफ काफी हस्तेक्षप रहता है। उनके पति के खिलाफ बालिकाओं ने अपने बयान दिए है। जिसके पति के खिलाफ 376 में भी प्रकरण दर्ज किया है।

अधिकारी के निलंबन का प्रस्ताव
मामले में लापरवाही को लेकर कलेक्टर ने पूर्व जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी और वर्तमान में महिला बाल विकास विभाग के सहायक संचालक रविंद्र मिश्रा के निलंबन का प्रस्ताव भी संभागायुक्त को भेजा है। इसके अलावा बाल कल्याण समिति अध्यक्ष डॉ. रचना भारतीय को हटाने के लिए भी शासन को प्रस्ताव भेजना बताया है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !