UJJAIN: पुलिसपार्टी पर डकैतों का हमला, एके -47 लूट ले गए | MP NEWS

इंदौर। उज्जैन जिले के बड़नगर में बुधवार देर रात 10 से ज्यादा डकैतों के एक गिरोह ने गश्त कर रही पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। पुलिस कर्मचारियों को बेरहमी से पीटा और पुलिस अधिकारी के पास मौजूद सरकारी एके -47 रायफल, 20 जिंदा कारतूस सहित लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने नाकाबंदी की परंतु वो अंधेरे में समा चुके थे। पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। 

घटना बड़नगर सुंदराबाद रेलवे ट्रैक के पास रात करीब 1 बजे की है। यहां सहायक उप निरीक्षक कमलेश शर्मा, प्रधान आरक्षक राकेश कुशवाहा के साथ क्षेत्र में गश्ती के लिए निकले थे। यहां काफी समय से वायर चोरी की वारदात होने की शिकायत मिल रही थी। इस कारण पुलिस ने क्षेत्र में गश्ती बढ़ा दी है।

गश्ती के दौरान रेलवे ट्रैक पर आधा दर्जन संदिग्ध लोग दिखाई दिए। इन्हें देखते ही जवानों ने इन्हें पकड़ने की कोशिश की और एक व्यक्ति को दबोच लिया, जिसका नाम भगवान सिंह बताया जा रहा है। पुलिस युवक से पूछताछ कर ही रही थी, तभी एक दर्जन के करीब लोगों ने जवानों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से जवान संभल भी नहीं पाए और राकेश गंभीरू रूप से घायल हो गए।

हमलावरों ने जवानों के साथ जमकर मारपीट की और राकेश से एके-47 और 20 जिंदा कारतूस लूटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी जैसे-तैसे घायल जवानों ने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बड़नगर रुणीजा रोड की ओर भागे थे। जानकारी लगते ही पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी की, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। दोनों ही जवानों को पुलिस उपचार के लिए रात में अस्पताल लेकर पहुंची।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !