कर्जा माफ, बिजली का बिल हाफ और भाजपा साफ: कमलनाथ | MP NEWS

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज नरसिंहपुर के मंडी प्रांगण में आयोजित विशाल आमसभा में कहा कि नदियों में जो रेत है वह आपकी संपत्ति है। यह प्रदेश की संपत्ति है। शिवराज सरकार इसमें अवैध उत्खनन कर लूट कर रही है। यह लूट आपकी है, प्रदेश की है। हम सबको इस लूट का हिसाब लेना है। कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर हम गन्ना किसानों को अनुदान देंगे। गन्ना खरीदी व दाल खरीदी में गड़बड़ी सिर्फ यहां ही नहीं हुई है, अपितु पूरे प्रदेश में हुई है। इस चुनाव में हमारा नारा होगा। ‘‘कर्जा माफ, बिजली का बिल हाफ और भाजपा साफ।’’ जबकि भाजपा का नारा है ‘‘प्रचार में विकास और मैदान में भूख प्यास।’’ यह है प्रदेश की हकीकत। 

कमलनाथ ने कहा कि आज शिवराज जनआशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। लंबे-चौडे़ वादे कर रहे हैं। सरकारी अधिकारियों को टारगेट देकर आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, पटवारियों और अन्य सरकारी कर्मचारियों को जोर-जबरदस्ती इस यात्रा में बुलाया जा रहा है। शिवराज कह रहे हैं कि विकास हुआ है। मैं उनसे सवाल करता हूं कि वे बतायें कि आखिर विकास हुआ कहां हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस की योजनाओं का नाम बदलकर खुद की फोटो लगाकर अपना प्रचार कर रहे हैं। मैं, उन कुछ तथाकथित अधिकारियों और कर्मचारियों को फिर एक बार सचेत करता हूं जो जेब में भाजपा का बिल्ला लिये घूम रहे हैं। ऐसे लोगों को कांग्रेस की सरकार आने पर हिसाब जरूर देना पड़ेगा।

मैं तो शिवराज सिंह की हिम्मत की दाद देता हूं
कमलनाथ ने कहा कि मैं तो शिवराज सिंह की हिम्मत की दाद देता हूं कि किस मुंह से वे आशीर्वाद मांगने जा रहे हैं। आज प्रदेश का किसान परेशान है। मैं जब पिछली बार नरसिंहपुर आया था तो मैंने देखा कि किसान अपनी फसल बेचने के लिए तीन-तीन दिन से लाईन में लगे थे। गन्ना उत्पादक किसानों को परेशान किया जा रहा है। दाल में घोटाला किया गया। यह सब केवल यहां नहीं हुआ, बल्कि पूरे प्रदेश में किया गया। 

शिवराज सिंह आपके पैसे यात्राओं पर लुटा रहे हैं
कमलनाथ ने कहा कि शिवराज पूरे प्रदेश में शासकीय खर्च पर सरकारी भीड़ एकत्र कर जनआशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं, मैं उन्हें पहले भी कह चुका हूं कि यदि उन्होंने अपने कार्यकाल में विकास के कार्य किये होते तो उन्हें आशीर्वाद लेने नहीं जाना पड़ता। जनता खुद उन्हें आशीर्वाद देने आती। सरकारी भीड़ व पैसे के बल पर शिवराजसिंह आशीर्वाद खरीदने जा रहे हैं। वे आपके पैसे को इन यात्राओं के नाम पर लुटा रहे हैं। 

विधानसभा में कांग्रेस का झंडा लहरायेगा
श्री नाथ ने कहा कि आज माफियाओं का नेतृत्व भाजपा के नेता कर रहे हैं। हमारी सरकार आयी तो प्रदेश का नया नक्शा बनायेंगे। कांग्रेस की सोच में नौजवान, किसान, महिलाओं का सम्मान प्राथमिकता पर है और भाजपा की सोच में ठेकेदार और माफिया प्राथमिकता हैं। इनकी और हमारी सोच में यही मूल अंतर है। आप लोगों को यह सच्चाई जानता को बताना है। सच्चाई का साथ देना है। यदि आपने ठान लिया तो चार माह बाद मध्यप्रदेश की विधानसभा में कांग्रेस का झंडा लहरायेगा।
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करेंया फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !