भाजपा नेता ने किसान को बेरहमी से पीटा, हालत गंभीर

भोपाल।
मप्र में किसान आंदोलन के बीच शिवपुरी से खबर आ रही है कि भाजपा नेता जितेन्द्र जैन 'गोटू' ने एक किसान को बेरहमी से पीट डाला। किसान की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे ग्वालियर रैफर कर दिया है। बता दें कि जितेन्द्र जैन, कोलारस उपचुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी देवेन्द्र जैन का छोटा भाई है। इस हमले में भाजपा नेता देवेन्द्र जैन का बेटा सचिन जैन भी शामिल था। जितेन्द्र जैन को हाल ही में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने राष्ट्रीय कार्यक्रम और बैठक व्यवस्था विभाग का जिला संयोजक नियुक्त किया है। 

शिवपुरी निवासी जैन बंधुओं का बड़ौदी क्षेत्र में एक कोल्ड स्टोर भी है। इसी कोल्ड स्टोर में किसान धीरज सिंह यादव 44 वर्ष का चना रखा हुआ था। आज जब किसान अपना चना लेने आया तो वो चौंक उठा। उसने आरोप लगाया कि कोल्ड स्टोर में उसका चना बदल दिया गया है। बस इसी विवाद के चलते जितेन्द्र जैन उर्फ गोटू ने अपने साथी संजू जैन, सचिन जैन औैर आयुष जैन निवासी महल कॉलोनी शिवपुरी के साथ एक राय होकर किसान पर लाठियों से हमला कर दिया। 

फरियादी ने आरोप लगाया है कि इस घटना के बाद भी आरोपियों का मन नहीं भरा तो उन्होंने फरियादी की बुलेरो कार को भी फोड़ दिया। इस घटना के बाद धीरज के बड़े भाई रंजीत यादव मौके पर पहुंचे और घायल धीरज को लेकर देहात थाने पहुंचे। जहां पुलिस ने घायल की रिपोर्ट पर चारों आरोपीयों के खिलाफ धारा 323,294, 506, 427, 34 ताहि के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष है जितेन्द्र जैन गोटू 

आज बडौदी क्षेत्र में हुए इस मामले में आरोपी जिनेन्द्र जैन उर्फ गोटू जिला पंचायत शिवपुरी का पूर्व अध्यक्ष है। बता दें कि शिवपुरी की भारतीय जनता पार्टी इकाई में जैन बंधुओं का दबदबा चलता है। जैन बंधु पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के काफी नजदीकी माने जाते हैं। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !