
इस बार मंदसौर से शुरू हुआ है कांग्रेस का विवाद
प्रदेश में नई कमेटियों की घोषणा के बाद विवाद की पहली शुरुआत मंदसौर से हुई। यहां कोर कमेटी में राजेन्द्र गौतम को शामिल किए जाने से बुधवार को उनकी विरोधी मीनाक्षी नटराजन के इस्तीफे की अफवाह उड़ती रही। देर रात तक मीनाक्षी ने इस संदर्भ में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उल्टा अपना फोन ही बंद कर लिया था। बाद में मीनाक्षी ने इस्तीफे की खबर को खारिज कर दिया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि पार्टी का अंदरूनी मामला है। जो भी कुछ है, बैठकर सुलझा लेंगे। नटराजन राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की अध्यक्ष भी हैं। बड़े नेताओं की चिंता यह भी है कि कहीं राहुल गांधी के दौरे के समय पार्टी में गुटबाजी उभरकर सामने न आ जाए। उधर, मंदसौर के सुवासरा के कांग्रेस विधायक हरदीपसिंह डंग ने प्रदेश प्रतिनिधि पद से इस्तीफा दे दिया।
अरुण यादव को मनाने पहुंचे दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह गुरुवार को होने वाली समन्वय समिति की बैठक में भाग लेने बुधवार की रात भोपाल आ गए थे। वे एयरपोर्ट से सीधे पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव के बंगले पहुंचे। यहीं उन्होंने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन से भी बात की। सिंह और यादव के बीच देर रात तक बातचीत हुई।
मैने छुट्टी ले ली थी: सत्यव्रत
भोपाल समाचार से बात करते हुए सत्यव्रत चतुर्वेदी ने बताया कि 24 मई को हमारे घर में पूजन का कार्यक्रम था। बहुत सारे लोग आमंत्रित थे अत: मैने पहले ही इसकी सूचना दे दी थी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने के लिए पूरी कांग्रेस एकजुट है। हम अपनी सारी ताकत लगा देंगे।