
टेक जोन में स्थित वीवो कंपनी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि एक महीने से उनके साथ लगातार अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। कभी उनके गले से कार्ड छीन लिया जाता है तो कभी गेट से अंदर नहीं आने दिया जाता। विरोध करने पर मारपीट की जाती है। दो महीने का वेतन भी नहीं मिला है। एक महीने से लगातार कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जाता रहा है। कभी सौ तो कभी दो सौ कर्मचारियों को बिना बताए कंपनी प्रबंधन निकालता रहा।
मंगलवार शाम 650 कर्मचारियों को एक साथ बाहर निकाला गया तो सब्र का बांध टूट गया। विरोध करने पर बाउंसरो ने मारपीट शुरू कर दी। इससे भगदड़ मच गई। गुस्साई भीड़ ने कंपनी के अंदर जमकर तोड़फोड़ की। आग लगाने का प्रयास किया गया। हालात बिगड़ते देख सूचना पुलिस को दी गई।
आईपीएल में हुई थी नियुक्ति
आईपीएल के दौरान वीवो कंपनी में कर्मचारियों की नियुक्ति की गई थी। आईपीएल समाप्त होने के बाद कर्मचारियों को निकालने का सिलसिला शुरू हो गया। हालांकि बताया जा रहा है कि कंपनी में नए कर्मचारी भी नियुक्त किए जा रहे हैं।
जिन लोगों को नौकरी से बाहर किया गया है, वे लोग अनुबंध पर थे। कंपनी के पास इन दिनों काम कम है। ऐसे में किसी कर्मचारी को बैठाकर वेतन नहीं दिया जा सकता। कर्मचारियों का बकाया जल्द ही दे दिया जाएगा।
एंड्रयू, वीवो टेक जोन प्लांट हेड