BMC में स्पेयर पार्ट्स खरीदी घोटाला, 1 रुपए की चीज 3 रुपए में खरीदी

भोपाल। नगर निगम के केंद्रीय कर्मशाला मैकेनिकल शाखा में एक के बाद एक घोटाले और अनियमितताएं सामने आ रही हैं। तत्कालीन परिवहन अधिकारी परमार के कार्यकाल में स्पेयर पार्ट्स खरीदी में जमकर आर्थिक अनियमितताएं हुईं। ऐसे पार्ट्स, जिनकी कीमत मार्केट में अधिकतम एक लाख रुपए है, उसे इनके कार्यकाल में तीन लाख रुपए में खरीदा गया। यह खुलासा आरटीआई से प्राप्त जानकारी में हुआ है। एक पोकलेन मशीन के स्पेयर पार्ट्स खरीदी के लिए शाखा ने 4 लाख 5 हजार 972 रुपए अनुमानित राशि निर्धारित की थी, लेकिन भुगतान 8 लाख 5 हजार 972 रुपए कर दिया गया। 

इस मामले की जानकारी मिलते ही अब पुरानी फाइलों को खंगाला जा रहा है। इसमें देखा जा रहा है कि ऐसी गंभीर चूक आखिर कैसे हुई। यह फाइल परिवहन शाखा से जेएडी और फाइनेंस तक जाती है, फिर भी कहीं भी यह घोटाला पकड़ में नहीं आया। सवाल यह है कि क्या निगम की हर टेबल इस भ्रष्टाचार में शामिल है। 

गड़बड़ी-1: चार लाख अधिक का किया भुगतान
निगम के केंद्रीय कर्मशाला ने 26 नवंबर 2015 को को टेंडर क्रमांक 2 हजार 938 में पोकलेन मशीन जेएस-80 के लिए स्पेयर पार्ट्स खरीदी के लिए 4 लाख 5 हजार 972 रुपए अनुमानित राशि के टेंडर जारी किए गए थे। इसकी ओपनिंग तारीख 4 दिसंबर 2015 तय की गई थी। इसमें 8 लाख 5 हजार 972 रुपए का भुगतान कर दिया गया। चार लाख अधिक बढ़ाकर भुगतान करना आर्थिक अनियमितता है। खास बात यह है कि यह पार्ट्स ब्रांडेड कंपनी से न खरीद कर मार्केट से लिया गया। बताया जाता है यदि मामले की जांच की जाए तो बड़ी संख्या में गड़बड़ियां मिलेंगी।

गड़बड़ी-2: एक लाख का सामान तीन लाख में खरीदे
पोकलेन जेएस-200 के लिए टर्न टेबल बैरिंग पार्ट्स खरीदी के लिए 17 नवंबर 2015 को टेंडर जारी किए गए थे। इसकी अनुमानित लागत 3 लाख 44 हजार 770 रुपए रखी गई थी, जबकि मार्केट में यह पार्ट्स एक लाख के अंदर में आता है, लेकिन मोटे कमीशन के लिए स्थानीय बाजार से तीन लाख से अधिक में यह पार्ट्स खरीदा गया।

56 फर्म से खरीदे गए पार्ट्स
निगम सूत्रों के अनुसार केंद्रीय कर्मशाला मेकेनिकल शाखा ने शहर के 56 फर्म की सूची तैयार की थी। इनमें से चुनिंदा फर्म से ज्यादा पार्ट्स खरीदे गए। परिवहन विभाग के अफसरों ने सेटिंग कर मोटा कमीशन लिया और निगम को लाखों का राजस्व का नुकसान पहुंचाया।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !