रायसेन में बाढ़ के हालात, हाईवे बंद, पेट्रोल पंप डूबा

भोपाल। राजधानी के पास स्थित शहर रायसेन बाढ़ की चपेट में आ गया है। रायसेन शहर में स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप बाढ़ के पानी में डूब गया है। निचली बस्तियों में पानी भर गया है। साथ ही साथ विदिशा-रायसेन राष्ट्रीय राज्य मार्ग 86 और भोपाल-सागर-कानपुर-इलाहाबाद हाईवे भी बंद हो गया है। करीब तीन किलोमीटर सड़क चार फीट पानी में डूबी हुई है। यहां पिछले 4 दिन से लगातार बारिश हो रही है। इसी कारण विदिशा-रायसेन राष्ट्रीय राज्य मार्ग 86 पूरी तरह से बंद कर दिया गया। शुक्रवार अल-सुबह से भोपाल-सागर-कानपुर-इलाहाबाद हाईवे भी बंद कर दिया गया। लगातार बारिश के चलते करीब दो किलोमीटर सड़क पानी में डूबी है। वहीं, कौड़ी पुल पर 3 फीट ऊपर पानी बह रहा है।

राज्य में इन दिनों मानसून पूरी तरह सक्रिय है। शुक्रवार को भी आसमान पर बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है, जिसका सीधा असर जनजीवन पर पड़ रहा है। कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर होने से आवागमन भी बाधित हो रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान भोपाल में 44 मिलीमीटर, इंदौर में 5.6 मिलीमीटर, जबलपुर में 7.2, खजुराहो में 47.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। 

वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में रीवा संभाग, कटनी, उमरिया, शहडोल, पन्ना, दमोह, जबलपुर, अनूपपुर, डिंडोरी, छतरपुर, अलीराजपुर, झाबुआ, बड़वानी, खंडवा, खरगौन, बुरहानपुर आदि स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ निचली बस्तियों में बाढ़ जैसे हालात बनने की भी आशंका जताई है। 

राज्य में बारिश ने मौसम सुहावना बना दिया है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 22 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 25.2 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 25 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 33.6 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
If you have any question, do a Google search

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!